Chandigarh News: सांसद खेर और पार्षद लाडी भिड़े, गाली-गलौज का आरोप; आप के 13 पार्षद निलंबित
बैठक शुरू होते ही आम आदमी पार्टी ने तरुणा मेहता के कांग्रेस में जाने के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस ने डंपिंग ग्राउंड के मुद्दे को लेकर विरोध जताया। इसी दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षद ने आरोप लगाया कि सांसद किरण खेर ने उनकी सीट के पास जाकर उन्हें गाली दी।
विस्तार
चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक में मंगलवार को गाली-गलौज से मर्यादा तार-तार हुई। आम आदमी पार्टी के पार्षद जसबीर सिंह लाडी ने आरोप लगाया कि सांसद किरण खेर ने उनकी सीट के पास आकर गाली दी और दाढ़ी को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे। इस पर हंगामा हो गया। लाडी ने गाली के उसी शब्द का प्रयोग करते हुए कहा कि सांसद ने उन्हें ये कहा। इस पर भाजपा के पार्षदों ने हंगामा कर दिया और कहा कि लाडी ने प्रधानमंत्री और सांसद को गाली दी। हंगामा बढ़ने पर आप के सभी 13 पार्षदों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।
पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब सांसद किरण खेर अपनी सीट से उठकर जसबीर लाडी के पास गईं। कुछ मिनटों तक दोनों में बातचीत हुई। अन्य पार्षद भी दोनों के पास पहुंचे। दोनों में बहस काफी बढ़ गई। खेर और लाडी दोनों गुस्से में थे। इतने में लाडी ने चिल्ला कर कहा कि सांसद खेर ने उन्हें गाली दी। ये सुनते ही आप के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सांसद खेर अपनी सीट पर आकर बैठ गईं। लाडी ने कहा कि सांसद ने उन्हें फलां गाली दी। इस पर भाजपा के पार्षद भी खड़े हो गए और आरोप लगाया कि लाडी ने प्रधानमंत्री और सांसद को गाली दी। सदन में अमर्यादित शब्द का इस्तेमाल करने पर लाडी को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया और मार्शल उन्हें खींचकर बाहर ले गए। इस बीच मेयर ने आप पार्टी के सभी पार्षदों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया और मार्शलों को उन्हें बाहर ले जाने के आदेश दे दिया। जसबीर लाडी ने चंडीगढ़ की एसएसपी को सांसद के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी है। कहा कि खेर ने उन्हें गाली दी है और धार्मिक चिह्न पर गलत टिप्पणी की है। साथ ही कहा है कि उन्हें और उनके परिवार को सांसद नुकसान पहुंचा सकतीं हैं।
खेर ने कई बार पार्षदों को कहा डंगर
बैठक के दौरान छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर भी काफी हंगामा और शोरशराबा हो रहा था। इससे नाराज होकर सांसद किरण खेर ने पार्षदों को डंगर कह दिया। इस पर अन्य पार्टियों के पार्षदों ने एतराज जताया। खेर ने पार्षदों के हंगामे को देखते हुए दोपहर 12:51 बजे कहा कि ये क्या डंगरपना है। इसके बाद सदन की बैठक खत्म होने के बाद जब वह मीडिया से बात कर रही थीं तो हंगामे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कैमरे पर उन्होंने कहा कि वह उनके डंगरपना में नहीं पड़ना चाहतीं इसलिए चुपचाप बैठ गईं थीं।
ये रहा घटनाक्रम
- 12:56 बजे: हंगामे के बीच सांसद अपनी सीट से खड़ी हुईं और आप पार्षद जसबीर लाडी के पास गईं। दोनों में कुछ बहस हुई और लाडी ने कहा कि खेर ने उन्हें गाली दी है।
- 12:58 बजे: लाडी ने अपनी बात रखते हुए उसी गाली का इस्तेमाल किया और कहा कि सांसद किरण खेर ने उन्हें ये कहा।
- 1:00 बजे: मेयर ने जसबीर लाडी को एक दिन के लिए सदन ने निलंबित कर दिया, तुरंत मार्शल बुलाए गए जो उन्हें खींचकर बाहर ले गए।
- 1:01 बजे: नेता प्रतिपक्ष दमनप्रीत सिंह ने कुछ कहने की कोशिश की लेकिन मेयर ने बीच में रोकते हुए आप के पार्षदों को कहा कि वे सांसद से माफी मांगें।
- 1:02 बजे: मेयर ने आप के सभी पार्षदों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया।
- 1:04 बजे: दमनप्रीत ने कहा कि मेयर शहर के लोगों के साथ गलत कर रहे हैं। इस दौरान मार्शल आप पार्षदों को बाहर ले जाने का प्रयास करने लगे।
- 1.06 बजे: सांसद खेर ने मेयर के पास जाकर पुलिस बुलाने की बात कही।
- 1:09 बजे: आप के सभी पार्षदों को खींचकर बाहर ले जाया गया।
- 1.10 बजे: नगर निगम के सचिव ने एजेंडे पढ़ने शुरू किए।
- 1:12 बजे: कांग्रेस के विरोध के बावजूद सभी एजेंडे पास कर दिए गए और राष्ट्रगान शुरू कर बैठक को समाप्त कर दिया गया।
वह करदाताओं के पैसों को लेकर सवाल उठा रहे थे तो मैं पूछने गई थी कि दिल्ली में केजरीवाल का जो शीशमहल बना है, उसमें क्या जनता का पैसा नहीं लगा। इस पर पार्षद ने प्रधानमंत्री को गाली दी। यह सुनकर रहा नहीं गया। वापस वही बात केजरीवाल के लिए कह दी और नाराज होकर वहां से लौटकर अपनी सीट पर बैठ गई। उसके बाद पार्षद ने खड़े होकर कुछ और ही कहा। शहर को यह प्लांट चाहिए ताकि लोगों को कूड़े के ढेर से निजात मिले लेकिन आप के पार्षद शोर मचा रहे थे। बेवजह की बातें कर रहे थे। मैं खुश हूं कि उन्होंने गालियां और बकवास करी, तभी हम एजेंडा पास कर सके। - किरण खेर, सांसद।
मेरे तीन सवाल थे कि डंपिंग ग्राउंड पर अब तक जो पैसा लगा है, उसका हिसाब दिया जाए क्योंकि कूड़े के पहाड़ को हटाने के नाम पर अब तक कई करोड़ खर्च हो चुके हैं। हम नए प्लांट के खिलाफ नहीं हैं, सिर्फ पुराने प्लांट का हिसाब मांग रहे थे। इसी बीच किरण खेर सीट के पास आईं और पूछा कि तू कहां रहता है। इसके बाद खेर ने गाली दी और मेरी दाढ़ी को लेकर आपत्तिजनक बात कही। उन्होंने फिर अरविंद केजरीवाल को लेकर भी गलत बात कही। किरण खेर ने सिर्फ मुझे नहीं, मेरे पूरे वार्ड के लोगों को गाली दी है। इसको लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दी है। - जसबीर सिंह लाडी, पार्षद।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.