पंजाब में दूसरे दिन अरविंद केजरीवाल का रोड शो, लोगों ने फिर दिखाए काले झंडे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल मंगलवार को बरनाला क्लब और शहीद भगत सिंह पार्क में सैर करने आए लोगों के बीच पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने केजरीवाल की बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकार ने पंजाब को कंगाल करके रख दिया है। पंजाब में अस्पताल में न तो डॉक्टर हैं और न ही आधुनिक मशीनें।
सरकारी स्कूलों से शिक्षक नदारद हैं। लोगों को बिजली तो महंगी मिल ही रही है पीने का साफ पानी भी नहीं मिल पा रहा है। इसके उलट दिल्ली में आप की पहली बार सरकार बनी है। सरकार ने स्कूलों और अस्पतालों की दशा सुधार दी है। हर गरीब व्यक्ति अपने बच्चे पढ़ा सकता है और इलाज भी सस्ता करवा सकता है। शहर के लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
गांव संघेडा से शुरू हुआ रोड शो
केजरीवाल ने मंगलवार को फिर बरनाला के गांव संघेडा से रोड शो शुरू किया। वहां इकट्ठा भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेश की जनता के साथ वादाखिलाफी की है। अपने किए सभी वादों से कैप्टन अमरिंदर सिंह मुकर गए, किसानों का पूरा कर्ज माफी नहीं हुआ, नौजवानों को एक भी नौकरी नहीं मिली और न ही स्मार्टफोन दिए गए। आम आदमी पार्टी जो कहती है, वह करती है।
काले झंडे दिखाकर किया विरोध
जब केजरीवाल का काफिला संघेडा से गांव कर्मगढ़ के पास पहुंचा तो वहां 50 युवकों ने काली झंडियां दिखाकर उनका विरोध किया। वह आरोप लगा रहे थे कि सांसद भगवंत मान ने उन पर झूठा मामला दर्ज करवाया हुआ है। केजरीवाल ने नशे के नाम पर प्रदेश को बदनाम कर अब बिक्रमजीत सिंह मजीठिया से माफी मांग ली है।
इसके अलावा भगवंत मान अनेक गांवों में नहीं गए और सर्वसम्मति से चुनी पंचायतों को किए वादे के मुताबिक पांच-पांच लाख रुपये नहीं दिए गए। बड़ी मुश्किल से पुलिस फोर्स ने नौजवानों को हटाकर केजरीवाल के रोड शो को आगे बढ़ाया और उसके बाद रोड शो जिला संगरूर में दाखिल हो गया। इस अवसर पर विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर, विधायक कुलवंत पंडोरी मौजूद थे।
केजरीवाल और भगवंत मान दोनों धोखेबाज : गुरप्रीत घुग्गी
कांग्रेस के उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों ने केजरीवाल का प्रभाव कम करने के लिए अपने प्रचार के लिए आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रधान गुरप्रीत सिंह घुग्गी को जनसभाएं करने के लिए जुटा रखा। घुग्गी ने जनसभा में कहा कि पीएम मोदी की तरह भगवंत मान ने भी अपने भगत ही बनाए हैं। मान ने लोगों को गुमराह किया है। केजरीवाल की नजर पंजाब के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर है।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने आप को चार सांसद दिए पर पंजाब के लोगों के जज्बातों की कदर न करते हुए इन्होंने लोगों के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल व भगवंत मान मिले हुए हैं।