लोकसभा चुनावः हरियाणा सरकार को घेरने की तैयारी में अरविंद केजरीवाल, तैयार की ग्राउंड रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में आम आदमी पार्टी एक बार फिर सियासी पारी खेलने को तैयार है। इसके तहत 2019 के लोकसभा चुनाव में 'आप' हरियाणा की सभी दस सीटों पर लड़ेगी। इसलिए इस बार हरियाणा की कमान दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने हाथों में ली है। प्रदेश में चुनाव लड़ने को लेकर एक खास रणनीति भी बनाई जा रही है।
इसी रणनीति के तहत लोकसभा चुनाव लड़ने के साथ-साथ आप हरियाणा में वर्ष 2019 में ही होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भी अपनी सियासी जमीन तैयार करेगी। चुनावी रणनीति के तहत आम आदमी पार्टी हरियाणा के अस्पतालों, स्कूलों और ग्रामीण विकास को बड़ा मुद्दा बनाते हुए इन्हीं मुद्दों पर मनोहर सरकार को घेरेगी।
इसकी तैयारियां दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने अभी से शुरू कर दी है। मोदी के ‘गुजरात मॉडल’ का दम भरकर सत्ता में आई मनोहर सरकार को केजरीवाल के ‘दिल्ली मॉडल’ से जवाब दिया जाएगा। हरियाणवियों के बीच केजरी के ‘दिल्ली मॉडल’ को कैसे लांच किया जाना है, इस पर भी मंथन चल रहा है।
केजरीवाल ने तैयार की ग्राउंड रिपोर्ट
हरियाणा के सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और गांवों के विकास की तुलना दिल्ली के सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और गांव से करते हुए आप नेता व कार्यकर्ता जनता तक पहुंचेंगे। इसका मसौदा भी रणनीतिकार केजरीवाल ने तैयार कर लिया है। पिछले कुछ दिनों से केजरीवाल ने हरियाणा के विभिन्न जिलों में सरकारी अस्पतालों व स्कूलों का दौरा किया।
साथ ही कई गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं भी सांझी की। मनोहर सरकार में सरकारी अस्पतालों, स्कूलों और गांवों पर ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने केबाद सीएम केजरीवाल इसे वीरवार को चंडीगढ़ में सार्वजनिक करते हुए सरकार की घेराबंदी करेंगे।
पुराने अनुभव से सीखेंगे, चेहरों की तलाश बड़ी चुनौती
आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव पंजाब व हरियाणा में भी लड़े थे। पंजाब में तो आप चार सीटें जीतीं, लेकिन हरियाणा में खाता नहीं खुला। कोई ऐसा चेहरा नहीं था, जिसे जिताऊ माना जाता। इस बार फिर आप ने हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा की है। हरियाणा में आप के प्रदेश संयोजक नवीन जयहिंद के अनुसार सभी सीटों पर प्रत्याशी की तलाश की जा रही है।