दिल्ली में सीएम मनोहर लाल से मिले अभय चौटाला, हरियाणा में गरमाया सियासी पारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में भाजपा और इनेलो के बीच चल रही गठबंधन की अटकलों के बीच सोमवार को नई दिल्ली में इनेलो नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने सीएम मनोहर लाल से मुलाकात की।
अभय चौटाला के साथ इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा भी मौजूद रहे। इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं अभय चौटाला ने इस मुलाकात को व्यक्तिगत मुलाकात करार दिया है।
सूत्रों की माने तो इस मुलाकात के दौरान भाजपा और इनेलो के हरियाणा में गठबंधन को लेकर चर्चा की गई थी। लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि हिसार और सिरसा सीटों को लेकर दोनों नेताओं के बीच मंत्रणा हुई।
इस मंत्रणा के बाद बातचीत कितनी सिरे चढ़ेगी इस पर अभी अटकलें बाकी है। उधर, इस बात की भी चर्चा है कि गठबंधन को लेकर भी बातचीत हुई, लेकिन ये बातचीत भी सिरे नहीं चढ़ी।
उल्लेखनीय है कि अभय चौटाला के बेटे करण चौटाला ने पिछले दिनों इनेलो कार्याकारिणी की बैठक में अपने दादा पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की एक पाती का हवाला देते हुए इनेलो वर्करों से पूछा था कि क्या हरियाणा में ‘हरा और भगवा’ फिर एक हो जाएं।
तभी से प्रदेश में भाजपा-इनेलो के गठबंधन की अटकलें चल रही है। हालांकि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला इस गठबंधन से साफ इनकार कर चुके हैं।
मगर सोमवार को ये मुलाकात इस संभावना की ओर इशारा कर रहा है कि अभी भाजपा और इनेलो के बीच कुछ न कुछ जरूर चल रहा है। लेकिन तस्वीर अभी तक पूरी तरह साफ नहीं है।
उधर, हरियाणा सरकार के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के अनुसार मुलाकात के एजेंडे के बारे में तो वह कुछ नहीं कह सकते। मगर अभय चौटाला इस मुलाकात को व्यक्तिगत बता रहे हैं और इस तरह की व्यक्तिगत मुलाकात होती रहती है।