हरियाणा: नौ जिलों में 29 नए पॉजिटिव मिले, 37 हुए ठीक, फरीदाबाद में एक की मौत
सोमवार शाम तक हरियाणा के 9 जिलों में संक्रमण के 29 नए मामले सामने आए। जबकि फरीदाबाद में कोरोना से मौत हो गई है। इसके बाद अब मौत का आंकड़ा 17 हो गया है। जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 1213 तक पहुंच गई है। सोमवार को 37 मरीज ठीक होकर अपने घर भी चले गए।
मेडिकल सर्विलांस में रहने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़कर 17777 हो गई है। अभी तक कुल 802 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि 395 मरीज अभी भी वायरस से संक्रमित हैं। कोविड-19 से रिकवरी रेट 66.12 प्रतिशत हो गया है। जबकि संक्रमण से ग्रस्त होने की दर 1.26 प्रतिशत है। 4049 संदिग्ध मरीजों की सैंपल रिपोर्ट आने का इंतजार है। गुरुग्राम में 13, फरीदाबाद में 2, सोनीपत में 4, जींद व कुरुक्षेत्र में 3-3, हिसार, फरीदाबाद, करनाल, चरखी दादरी 1-1 नया संक्रमित मरीज सामने आया है।
विभिन्न जिलों में अब कुल पॉजिटिव मरीजों में से अंबाला में 42, भिवानी में 8, चरखीदादरी में 7, फरीदाबाद में 211, फतेहाबाद में 9, गुरुग्राम में 284, हिसार में 20, जींद में 29, करनाल में 33, कैथल में 6, कुरुक्षेत्र में 18, नूंह में 65, पलवल में 41, पानीपत में 54, पंचकूला में 25, रोहतक में 16, सिरसा में 9 सोनीपत में 163, यमुनानगर में 8, रेवाड़ी में 16, महेंद्रगढ़ में 21, झज्जर में 93 मरीज सामने आ चुके हैं।
दूसरी ओर, अंबाला में 40 भिवानी में 6, चरखी दादरी में 1, रेवाड़ी 1, फरीदाबाद में 120, फतेहाबाद में 6, गुरुग्राम में 166, हिसार में 3, जींद में 18, करनाल में 16, कैथल में 3, कुरुक्षेत्र 3, नूंह में 65, पलवल में 37, पानीपत में 33, पंचकूला में 24, रोहतक में 10, सिरसा में 8, महेंद्रगढ़ में 6, चार सोनीपत में 124, झज्जर 90, यमुनानगर में 8 मरीज ठीक हो चुके हैं।
उकलाना की दो लड़कियां और बोस्ती की एक महिला कोरोना पॉजिटिव
फतेहाबाद जिले में टोहाना कस्बे के गांव इंदाछोई में पीएचसी में क्वारंटीन एक महिला व दो लड़कियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला भूना के गांव बोस्ती की निवासी है और दोनों लड़कियां हिसार के उपमंडल उकलाना के बताई गई हैं। तीनों की ट्रेवल हिस्ट्री मुंबई की है। वे कुछ दिन पहले मुम्बई से लौटे थे, जिसके बाद तीनों को क्वारंटीन किया गया था। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. हनुमान ने तीन नए कोरोना केस मिलने की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार, इन तीनों के सैंपल दो दिन पहले लिए गए थे। सोमवार सुबह पीजीआई रोहतक से तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिर स्वास्थ्य विभाग की एक टीम विशेष एंबुलेंस में तीनों को लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंची। वहीं पर उनका उपचार किया जाएगा। ये तीनों मरीज फतेहाबाद जिले में शामिल होंगे और इसके साथ ही जिले में कोरोना के कुल पांच एक्टिव केस हो गए हैं।
जबकि कुल कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। मुंबई ट्रेवल हिस्ट्री से संबंधित ये केस पहली बार सामने आए हैं। इससे पहले जिले में तब्लीगी जमात, नांदेड़ सहिब, आगरा और दिल्ली ट्रैवल हिस्ट्री के केस सामने आए थे। स्वास्थ्य विभाग अब इनकी संपर्क लिस्ट तैयार करने में जुट गया है और इनके परिजनों के भी सैंपल लेने और स्क्रीनिंग का दौर शुरू किया गया है।