चंडीगढ़: जीएमएसएच-16 के स्टाफ समेत दो पॉजिटिव, चार ने दी कोरोना को मात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के लिए सोमवार का दिन बाकी दिनों के मुकाबले राहत भरा रहा। एक ओर जहां दिनभर में केवल दो ही मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले, वहीं चार मरीजों ने कोरोना को मात देकर घर वापसी की। इससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने राहत की सांस ली। पॉजिटिव मिले मरीजों में सेक्टर-25 निवासी 2 माह की बच्ची और सेक्टर-7बी निवासी 35 वर्षीय युवक शामिल हैं। यह युवक जीएमएसएच-16 की इमरजेंसी में हेल्पर की पोस्ट पर तैनात है। इसके साथ अब शहर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 181 हो गई है।
खास बात यह रही कि सोमवार को बापूधाम से कोई मरीज पॉजिटिव नहीं मिला। वहीं, अब सेक्टर-25 व सेक्टर-7 में अब कोरोना ने दस्तक दे दी है। दोनों सेक्टरों में यह पहला केस है। पिछले कुछ दिनों से शहर में प्रतिदिन 10 से ज्यादा केस मिलने से प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई थी। 9 मई को अकेले बापूधाम में 21 पॉजिटिव मरीज मीले थे, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को पॉजिटिव पाया गया सेक्टर-7बी का युवक अस्पताल की इमरजेंसी में हल्लोमाजरा निवासी कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आया था। हल्लोमाजरा निवासी मरीज को इमरजेंसी से आईसीयू में शिफ्ट करने में बाद कोरोना की पुष्टि हुई थी। मरीज की 6 मई को इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो चुकी है।
ऐसे में अब अस्पताल की इमरजेंसी में भी कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। हेल्पर युवक इमरजेंसी में स्ट्रेचर हटाने और मरीजों को शिफ्ट करने का काम करता है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि इमरजेंसी के मरीजों के साथ ही वहां के डॉक्टरों और स्टाफ पर भी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
संक्रमण के डर से कोरोना संदिग्ध डॉक्टर ने छोड़ा अस्पताल
वहीं, दूसरी ओर जीएमसीएच-32 के एनिस्थिसिया विभाग का एक कोरोना संदिग्ध डॉक्टर सोमवार को लीव अगेंस्ट मेडिकल एडवाइस (लामा) हो गया। वह अस्पताल में खुद के संक्रमित होने के डर से बिना डॉक्टरों की अनुमति के घर चला गया। सूत्रों के अनुसार, उस डॉक्टर को एक अन्य कोरोना के संदिग्ध मरीज के साथ अस्पताल के प्राइवेट रूम में रखा गया था। उन दोनों की रिपोर्ट पेंडिंग है। ऐसे में उस डॉक्टर का कहना है कि अगर वो कोरोना संक्रमित न भी हुआ तो दूसरे संदिग्ध के साथ एक ही रूम में रहने में कारण पॉजिटिव हो जाएगा। उसने इसकी शिकायत अस्पताल प्रशासन से की थी लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
पांच लोगों की रिपोर्ट मिली नेगेटिव
सोमवार को पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई। इनमें हल्लोमाजरा निवासी कोरोना पॉजिटिव मृतक के संपर्क में आए 32 साल का युवक, सुखना लेक स्थित टॉयलेट में काम करने वाले 39 साल के सफाई कर्मचारी, सेक्टर-27 में काम करने वाले बापूधाम निवासी 32 वर्षीय ड्राइवर, सेक्टर-27 में जिस घर में काम वाली महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी, उस घर में रहने वाली 81 साल की बुजुर्ग महिला और मलोया निवासी 55 साल की महिला की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
कोरोना को मात देने वालों में दो डॉक्टर भी शामिल
पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड अस्पताल में कोरोना को मात देकर चंडीगढ़ के चार मरीजों ने सोमवार को घर वापसी की। कोरोना संक्रमण के बाद ठीक होने वाले मरीजों में सेक्टर-26 बापूधाम निवासी एक पुरुष, बापूधाम निवासी एक महिला, सेक्टर 49 डी और सेक्टर 21 निवासी दो डॉक्टर शामिल हैं। ये सभी 27 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने के बाद पीजीआई में भर्ती किए गए थे।
पीजीआई से छुट्टी मिलने पर इन सभी मरीजों ने डायरेक्टर और डॉक्टरों का आभार जताया। मरीजों ने कहा कि पीजीआई की बदौलत उन्हें नया जीवन मिला है। बापूधाम के दो मरीजों में से एक वहां के सबसे पहले संक्रमित हुए मरीज की मां और एक उसका पड़ोसी है। वहीं, जीएमसीएच 32 के दोनों डॉक्टर अस्पताल में तैनात बापूधाम के ही पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए थे। इन चार मरीजों के साथ अब तक शहर के 28 कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने कोरोना को मात दी है।