जींद: रजिस्ट्रेशन की बात सुन लघु सचिवालय पहुंचे 600 प्रवासी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने घर जाने के लिए 600 प्रवासी लोग सोमवार सुबह गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय में जमा हो गए। बड़ी संख्या में प्रवासियों के लघु सचिवालय पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से खदेड़ा। इसके बाद प्रवासी वहां से भाग गए।
प्रवासियों को सूचना मिली थी कि अपने घर जाने के इच्छुक प्रवासियों का लघु सचिवालय में रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं था। दो दिन पहले जिला प्रशासन ने जींद में रह रहे दूसरे प्रदेशों के लोगों के लिए तीन नंबर जारी किए थे। प्रशासन द्वारा कहा गया था कि जो भी व्यक्ति अपने प्रदेश जाना चाहता है, वह इन नंबरों पर फोन करके अपना नाम दर्ज कर सकता है।
इसके बाद इन लोगों को भेजने की व्यवस्था की जाएगी। सोमवार की सुबह कुछ प्रवासियों को सूचना मिली कि जो लोग अपने घर जाना चाहते हैं वह नाम दर्ज करवाने के लिए लघु सचिवालय पहुंचे। इसके बाद प्रवासी बड़ी संख्या में लघु सचिवालय कूच कर गए। देखते ही देखते लघु सचिवालय में 600 प्रवासी जमा हो गए।
इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया और प्रवासियों पर लाठीचार्ज कर वहां से भगाया। जिला प्रशासन ने जो नंबर जारी किए थे, उन पर भी फोन करने के बाद यह कहा जाता है कि आप ऑनलाइन अप्लाई करो।
प्रवासियों को नहीं पता ऑनलाइन सिस्टम
दूसरे राज्यों के जो लोग अपने प्रदेश जाना चाहता हैं, उनमें सभी मजदूर हैं। इन लोगों को ऑनलाइन अप्लाई के लिए सिस्टम का कोई ज्ञान नहीं है। इसके अलावा शहर में कोई ऑनलाइन फार्म अप्लाई करने की दुकान तक नहीं खुली हुई है। ऐसे में इन लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन को इससे कोई लेना-देना नहीं है।
प्रवासियों पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के प्रदेशाध्यक्ष राजकुमार गोयल ने कहा कि प्रवासियों पर इस प्रकार लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन इन लोगों को दर-दर भटकने पर मजबूर कर रहा है।
इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें फोन
डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि जो प्रवासी यहां पर फंसे हुए हैं या जींद जिले के जो लोग अन्य प्रदेशों में ठहरे हुए हैं, उनको छोड़ने और दूसरे राज्यों से जिले के लोगों को लाने के लिए प्रशासन द्वारा प्रबंध किए जा रहे हैं। लोगों को सरकारी कार्यालयों में आने की जरूरत नहीं है।
जिला प्रशासन ऐसे लोगों के पास जाकर सूची तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी लोग टोल फ्री नंबर 1950 या कॉल सेंटर नंबर 01681-246820, 245206, 246151, 246150, 246151 पर प्रशासन को सूचना दे सकते हैं। यहीं नहीं जिले के लोग जो अन्य प्रांतों में फंसे हुए हैं, वह भी इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करके सहायता मांग सकते हैं।