चंडीगढ़: ऑक्सीजन मशीनों की कमी, होम आइसोलेशन वाले मरीजों की हालत पतली
कोरोना के कारण ऑक्सीजन लेवल की कमी वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने से इलेक्ट्रिकल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनों की कमी हो गई है। इसका सीधा प्रभाव होम आइसोलेशन वाले ऐसे मरीजों पर पड़ रहा है। अचानक से बाजार में इस मशीन की मांग काफी ज्यादा बढ़ने से इसकी शॉर्टेज हो गई है।
हालत यह है कि होम केयर सर्विस वालों के यहां ऐसे मरीजों की चार से पांच दर्जन डिमांड पेंडिंग चल रही है। सर्विस वालों का कहना है कि मशीन का स्टॉक समाप्त होने के कारण इसकी उपलब्धता सुनिश्चित नहीं कराई जा पा रही है। इसके अलावा मांग के बावजूद कंपनियां मशीन की सप्लाई नहीं दे पा रही है। लोगों को इस बात का डर सताने लगा है कि कहीं कोरोना के कारण सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी हो गई तो जान बचानी मुश्किल होगी।
केस-1 नहीं मिली मशीन.. मरीज को जीएमएसएच-16 कराना पड़ा भर्ती
सेक्टर 15 निवासी अजीत सिंह ( बदला हुआ नाम )को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद होम आइसोलेट कर दिया गया है। पिछले 2 दिनों से उनका ऑक्सीजन लेवल 90 से कम आ रहा है। डॉक्टरों की सलाह पर उनके परिवार वालों ने उन्हें घर पर ही ऑक्सीजन देने का निर्णय लिया। उन्होंने इसके लिए होम केयर सर्विस वाले से संपर्क किया, लेकिन उनके पास एक भी मशीन स्टॉक में नहीं थी। अजीत के परिवार वाले उसके लिए दोगुनी कीमत देने को भी तैयार थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। अंत में अजीत को जीएमएसएच 16 में भर्ती करवाना पड़ा
केस-2: ऑक्सीजन मशीन बुक कराने में निराशा ही हाथ लगी
सेक्टर- 41 निवासी संदीप (बदला हुआ नाम) डायबिटीज के मरीज है। कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें भी होम आइसोलेट कर दिया गया है। उनके घरवालों ने खतरे की आशंका से होम केयर सर्विस वालों को कॉल कर एडवांस में ऑक्सीजन मशीन बुक करने की बात कही, लेकिन उन्हें भी निराशा हाथ लगी।
सेंटर वालों ने उन्हें 10 दिन बाद की डेट दी है। संदीप के घरवालों का कहना है कि फिलहाल उनके मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं है। लेकिन शुगर होने के कारण उनकी स्थिति कभी भी बिगड़ सकती है। इसलिए उन्होंने ऑक्सीजन मशीन की एडवांस में बुकिंग करा ली है।
तीन हजार में मिल रही सर्विस
होम केयर सर्विस सेंटर के एक कर्मचारी ने बताया कि कोरोना के कारण पिछले 20 दिनों में ऑक्सीजन मशीन की डिमांड अचानक काफी ज्यादा बढ़ गई है। सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 70% तक ज्यादा ऑर्डर आने से सभी सेंटर के स्टॉक खाली हो चुके हैं। इसके लिए ढाई से 3000 रुपये तक का चार्ज लिया जाता है। इसमें इलेक्ट्रिकल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन से मरीज को ऑक्सीजन देने की सुविधा मिलती है। इस मशीन के जरिए 5 लीटर पर आवर की क्षमता ही उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर मरीज को हॉस्पिटल में शिफ्ट करना पड़ता है।
जीएमएसएच- 16 में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। कोरोना के मरीजों के साथ ही इमरजेंसी के केस के लिए भी ऑक्सीजन का स्टॉक भरपूर है। -डॉ वीके नागपाल, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, जीएमएसएच- 16