ऐलनाबाद उपचुनाव: सैलजा बोलीं- कुछ लोगों का रोल जो होना चाहिए था, वो नहीं रहा, पार्टी प्रभारी ने कहा- तीसरे नंबर की उम्मीद नहीं थी
हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी हावी है। कुमारी सैलजा व भूपेंद्र हु्ड्डा दोनों एक-दूसरे के विरोधी हैं। हुड्डा गुट ने पहले प्रदेशाध्यक्ष रहे अशोक तंवर के खिलाफ मोर्चा खोला था। अब सैलजा को हटवाने के कई प्रयास हो चुके हैं। ऐलनाबाद में सैलजा गुट के पवन बेनीवाल को टिकट मिली थी, जबकि हुड्डा दूसरा उम्मीदवार चाह रहे थे। बरोदा उपचुनाव में हुड्डा और उनके समर्थकों ने जबरदस्त प्रचार अभियान छेड़ा था लेकिन ऐलनाबाद में ऐसा कुछ नहीं दिखा। कुछ इसी तरह के आरोप जींद उपचुनाव में रणदीप सुरजेवाला की हार के बाद भी लगे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऐलनाबाद उपचुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद अब पार्टी के भीतर अंतर्कलह बढ़ गई है। पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बिना किसी का नाम लिए कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा है कि ऐलनाबाद चुनाव में कुछ लोगों का जो रोल होना चाहिए था, वो नहीं रहा। इसी कमी के चलते पार्टी यहां पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। वह इसकी रिपोर्ट हाईकमान को देंगी। उधर, कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि पार्टी तीसरे नंबर रहेगी इसकी उम्मीद नहीं थी।
बुधवार को दिल्ली में एक निजी चैनल से बातचीत में कुमारी सैलजा ने माना कि संगठन की कमी भी चुनाव में खली। पिछले काफी समय से संगठन नहीं है, यह जरूरी है। अब इस पर ध्यान दिया जाएगा। पार्टी के अंदर भी चुनाव की घोषणा हो चुकी है। इस पर गंभीरता से काम चल रहा है। वहीं, कांग्रेस के बड़े नेताओं द्वारा प्रचार नहीं किए जाने पर सैलजा ने कहा कि ऐलनाबाद में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर मेहनत की। जिसने वहां काम किया, उसने एक वर्कर की तरह किया। कुछ लोगों ने इसे व्यक्तिगत बनाकर काम किया, न की पार्टी के हिसाब से।
सैलजा ने कहा कि हालांकि कांग्रेस पार्टी ने बरोदा उपचुनाव जीता था लेकिन वहां पर भी पार्टी को उम्मीद के मुताबिक मार्जिन नहीं मिला था। दूसरा, वहां पर पार्टी के ही सीटिंग एमएलए की सीट खाली हुई थी। जहां तक ऐलनाबाद एरिया की बात है तो यहां पर पहले भी कांग्रेस इतनी अधिक मजबूत नहीं रही है। वर्ष 2009 में हुए उपचुनाव में भी पार्टी यहां तीसरे स्थान पर रही थी। सैलजा ने आरोप लगाया कि ऐलनाबाद में भाजपा-जजपा के साथ साथ इनेलो ने संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया और वोटों का ध्रुवीकरण हुआ।
नई रणनीति बनाई जाएगी
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हार के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा और आगामी आम चुनावों को लेकर नए सिरे से रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में चुनाव के लिए तीन साल का समय है। हमारा प्रयास रहेगा कि काम करने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान की जाए और उनको आगे लाया जाए, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती दी जा सके।
कांग्रेस तीसरे नंबर पर रहेगी, ऐसी उम्मीद नहीं थी: विवेक बंसल
कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि हमें कहीं न कहीं अंदेशा था कि कांग्रेस चुनाव नहीं जीतेगी लेकिन पार्टी तीसरे नंबर रहेगी, यह उम्मीद नहीं थी। कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि यह सीट कांग्रेस की परंपरागत सीट नहीं रही है। दूसरा ऐलनाबाद में वोटों की बड़े पैमाने पर खरीद-फरोख्त की गई।
दिल्ली में एक निजी चैनल से बातचीत में बंसल ने यह भी कहा कि ऐलनाबाद में पार्टी प्रत्याशी को जिस दमदार तरीके से चुनाव लड़ना चाहिए था, वैसा नहीं लड़ा। टिकट वितरण पर उठे सवालों पर बंसल ने कहा कि टिकट वितरण से पहले सभी नेताओं से बातचीत की गई थी। सभी नेताओं से मंत्रणा करके टिकट बंटवारे पर फैसला लिया गया था। हार के कारणों का अवलोकन किया जा रहा है।