वंदे भारत एक्सप्रेस से करिए माता माता वैष्णो देवी के दर्शन, जानें शेड्यूल और बुकिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वदेशी सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत का अब अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा। नई दिल्ली से कटरा के बीच ट्रायल सफल होने के बाद अब यह ट्रेन पांच अक्टूबर से रोजाना दौड़ेगी। इस ट्रेन की आईआरसीटीसी ने नई दिल्ली, अंबाला, लुधियाना और जम्मू कटरा के लिए आनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। नई दिल्ली के बाद ट्रेन का दूसरा स्टॉपेज अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन होगा।
वंदे भारत अन्य दूसरी सुपरफास्ट ट्रेन के मुकाबले ज्यादा तेजी से दौड़ेगी और 8 घंटे में माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को कटरा लेकर पहुंच जाएगी। वंदे भारत ट्रेन में चेयरकार क्लास किराया अंबाला से कटरा के बीच 1330 रुपये और एग्जिक्युटिव चेयरकार 2315 रुपये निधार्रित किया गया है। वहीं दिल्ली से कटरा के लिए चेयरकार क्लास में 1630 रुपये जबकि एग्जिक्युटिव चेयर कार में 3015 रुपये निधार्रित किया गया है। दूसरी ट्रेन नई दिल्ली से कटरा तक 12 घंटे में सफर तय करती है।
इस ट्रेन का 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का ट्रायल सफल हुआ था। अब देखना है कि यह ट्रेन कितनी स्पीड से रोजाना दौड़ पाएगी। वंदे भारत का अंबाला में स्टॉपेज का पता चलते ही माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं में रुचि बढ़ गई है और आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग करने में जुट गए हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को लेकर नई दिल्ली से लेकर कटरा के लिए रेलवे की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि 16 कोच की इस ट्रेन में दिल्ली से यात्री सवार होंगे। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में 1100 यात्री सवार हो सकते हैं जिसकी बुकिंग शुरू कर दी गई है और पांच अक्टूबर से यह ट्रेन रोजाना दिल्ली से कटरा और कटरा से नई दिल्ली के लिए दौड़ेगी।
ट्रेन में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधा है। ट्रेन में कुल 16 डिब्बे हैं, जिसमें 14 चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास के हैं। हर चेयर कार कोच में 78 कुर्सियां हैं। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एलईडी लगी है, जिसमें ट्रेन किस स्टेशन पर खड़ी है उसकी जानकारी यात्री को मिलेगी।
ट्रेन का यह रहेगा शेड्यूल
- नई दिल्ली स्टेशन से सुबह 6.00 बजे रवाना होगी।
- अंबाला स्टेशन पर ट्रेन का आगमन 8 .10 बजे, प्रस्थान 8.12 पर होगा।
- लुधियाना स्टेशन पर आगमन 9.19 बजे, प्रस्थान 9.21 बजे।
- जम्मू स्टेशन आगमन 12.38 बजे, प्रस्थान 12.40 बजे।
- कटरा आगमन 14.00 बजे ।
- कटरा से रवानगी दोपहर 15.00 बजे।
- जम्मू आगमन 16.13 बजे, प्रस्थान 16.15 बजे।
- लुधियाना आगमन 19.32 बजे, प्रस्थान 19.34 बजे।
- अंबाला आगमन 20.48 बजे, रवानगी 20.50 बजे ।
- नई दिल्ली स्टेशन आगमन 23:00 बजे।
नवरात्र के मौके पर वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ 3 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर होगा। ट्रेन को सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा और उसके बाद अंबाला स्टेशन पर 12 बजे पहुंच जाएगी और 12 बजकर 02 मिनट पर ट्रेन कटरा के लिए रवाना हो जाएगी। ट्रेन 1 बजकर 9 मिनट पर लुधियाना और 1:11 बजे रवाना होने के बाद 16 बजकर 26 मिनट पर जम्मू तवी स्टेशन पर पहुंचेगी और दो मिनट के बाद वहां से रवाना होकर 17 बजकर 50 मिनट पर कटरा पहुंच जाएगी। रेलवे ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। -हरि मोहन, सीनियर डिवीजनल कर्मर्शियल मैनेजर, अंबाला।