Kapurthala: कोई दूधिया तो कोई बेचता है सब्जी... आप ने मामूली वालंटियर्स को सौंपी मार्केट कमेटी की कमान
कपूरथला मार्केट कमेटी जगजीत सिंह बिट्टू एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। पालकी पैलेस के सामने उनकी एल्यूमिनियम के दरवाजे खिड़कियां बनाने की दुकान है। वहीं फगवाड़ा मार्केट कमेटी के चेयरमैन सविंदर राम दूधिया हैं और आप यूथ विंग के जिला प्रधान हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जालंधर लोकसभा का उपचुनाव जीतने के बाद राज्य सरकार अब भविष्य में होने वाले निकाय चुनाव जीतने की रणनीति में जुट गई है। इसी कड़ी में गुरुवार को सरकार ने काफी समय से खाली चल रहे 66 मार्केट कमेटियों व पांच इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन पदों पर नियुक्तियां की। इस दौरान साधारण पृष्ठभूमि वाले कई आप वॉलंटियरों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, इस सूची में एक नाम ऐसा भी है, जिससे सरकार की किरकिरी हो रही है। श्री आनंदपुर साहिब में कमिक्कर सिंह को मार्केट कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी है। वह अभी जेल में बंद है। कमिक्कर सिंह आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में जेल में बंद है।
कपूरथला मार्केट कमेटी के चेयरमैन पद जगजीत सिंह बिट्टू को लगाया है, जो कि एल्युमीनियम के दरवाजे व खिड़कियां बनाने की एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। फगवाड़ा मार्केट कमेटी के चेयरमैन सविंदर राम पेशे से दूधिया हैं। वह आप यूथ विंग के जिला प्रधान हैं। सुल्तानपुर लोधी मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन मोहम्मद रफी रेल कोच फैक्टरी के मेन गेट के बाहर सब्जी की फड़ी लगाते हैं।
सीएम भगवंत मान ने खुद ट्वीट कर नए चेयरमैनों की सूची जारी कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने लिखा कि टीम रंगला पंजाब में उनका स्वागत है। सूबे में आने वाले समय में निकाय चुनाव होने हैं। इसके अलावा 2024 में लोकसभा चुनाव भी तय है। ऐसे में पार्टी की कोशिश हर जिले में अपने कैडर को मजबूत करने की है। माना जा रहा है कि इससे पहले पार्टी ने सारी स्टडी की थी। इसके बाद यह जिम्मेदारी दी गई है।
खैरा बोले- अपराधियों को राजनीति में बढ़ावा देने के लिए शर्म करें
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैरा ने एक ट्वीट कर लिखा कि ईमानदारी का ढिंढोरा पीटने वाली आम आदमी पार्टी ने श्री आनंदपुर साहिब में जिसे मार्केट कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी है, वह अभी जेल में बंद है। उन्होंने लिखा कि अपराधियों को राजनीति में बढ़ावा देने के लिए शर्म करें। मार्केट कमेटी के चेयरमैन कमिक्कर सिंह पर आईपीसी की धारा 306 (खुदकुशी के लिए उकसाने) के तहत केस दर्ज है।
उल्लेखनीय है कि 27 वर्षीय दीपक टंडन ने 21 अप्रैल से नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उसने इसके लिए तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद लोग सड़कों पर आ गए थे और अंतिम संस्कार से मना कर दिया था। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। परिवार का कहना है कि मौजूदा सरकार का कोई भी नुमाइंदा उनके यहां दुख साझा करने नहीं पहुंचा। उनके जख्म अभी तक भरे नहीं थे कि आरोपी को चेयरमैन बना दिया गया।