{"_id":"65da831e31efc6481e024683","slug":"kisan-andolan-delhi-s-borders-started-opening-peace-throughout-the-day-2024-02-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kisan Andolan : खुलने लगे दिल्ली के बॉर्डर...दिनभर शांति, निकाला कैंडल मार्च; वार्ता न्योते पर किसान निरुत्तर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kisan Andolan : खुलने लगे दिल्ली के बॉर्डर...दिनभर शांति, निकाला कैंडल मार्च; वार्ता न्योते पर किसान निरुत्तर
Sun, 25 Feb 2024 05:30 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़/रोहतक/अंबाला
अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़/रोहतक/अंबाला
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 25 Feb 2024 05:30 AM IST
सार
शनिवार को नेशनल हाईवे-44 स्थित कुंडली-सिंघु बॉर्डर की सर्विस रोड से दिल्ली पुलिस ने बुलडोजर की मदद से बैरिकेड्स हटा दिए। बहादुरगढ़ में भी टीकरी बॉर्डर का एक हिस्सा खोल दिया गया।
विज्ञापन
कुंडली-सिंघु बॉर्डर
- फोटो : संवाद
विस्तार
किसानों का दिल्ली कूच 29 फरवरी तक स्थगित होने के बाद दिल्ली प्रशासन ने राजधानी दिल्ली की तरफ बॉर्डर आंशिक रूप से खोलने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को नेशनल हाईवे-44 स्थित कुंडली-सिंघु बॉर्डर की सर्विस रोड से दिल्ली पुलिस ने बुलडोजर की मदद से बैरिकेड्स हटा दिए। बहादुरगढ़ में भी टीकरी बॉर्डर का एक हिस्सा खोल दिया गया।पुलिस ने छह में से 5 लेयर की बैरिकेडिंग हटाई हैं। रात तक पुलिस कंक्रीट की दीवार हटाने में जुटी रही। रविवार सुबह तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
विज्ञापन
इन दोनों रास्तों के खुलने से दिल्ली-हरियाणा मार्ग के यात्रियों को राहत मिलेगी। कुंडली क्षेत्र के उद्योगपति, दुकानदार, व्यापारी 13 फरवरी के बाद से ही इन मार्गों को खोलने की मांग कर रहे थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, वाहनों की आवाजाही के लिए मार्गों को खोला जा रहा है।
विज्ञापन
दूसरी तरफ, पंजाब से सटे हरियाणा के शंभू व जींद के दातासिंह वाला बॉर्डर पर पूरे दिन शांति बनी रही। किसानों व पुलिस-अर्द्धसैनिक बलों के जवानों में कोई टकराव नहीं हुआ। दोनों जगह किसानों ने मृत किसानों की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला। वहीं, शंभू बॉर्डर पर बने पुल पर हरियाणा की तरफ से कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। किसानों की तरफ से बाॅर्डर से करीब एक किमी पहले ही रस्सी लगाई गई है, जिससे आगे किसी को नहीं जाने दिया गया।
विज्ञापन
वार्ता के न्योते पर किसानों से नहीं मिला जवाब : कृषि मंत्री
केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने रांची में मीडिया से बातचीत में कहा कि किसानों ने पांचवें दौर की वार्ता के न्योते पर कोई जवाब नहीं दिया है। उन्होंने फिर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य समेत सभी मुद्दों पर बातचीत का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर हर समय बातचीत के लिए तैयार है। बातचीत से ही समाधान निकलेगा। वहीं, किसान नेता सतवंत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने भले ही ट्वीट करके किसानों को बातचीत का न्योता दिया है, लेकिन वार्ता के लिए लिखित रूप में कुछ नहीं मिला है।
सिंघु बॉर्डर की सर्विस लेन व टिकरी की एक लेन खुली
पुलिस ने दो सप्ताह से बंद सिंघु बॉर्डर की सर्विस लेन और टिकरी बॉर्डर की एक लेन खोलने का फैसला किया है। रविवार सुबह तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। शनिवार शाम करीब चार बजे सिंघु बॉर्डर पर दोनों तरफ की एक-एक सर्विस लेन खोलने पर काम शुरू किया गया जो देर रात तक चला। वहीं, पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा के निर्देश पर ये कदम उठाया जा रहा है। बॉर्डर के आसपास के लोगों व दुकानदारों ने इस फैसले पर खुशी जताई है।
दिल्ली से काफी संख्या में मजदूर कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में काम करने जाते हैं। रास्ता बंद होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मजदूरों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में कच्चे माल की किल्लत होने लगी है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है।