बिस्तर में लोट रहे भ्रष्टाचार रूपी सांप पर काबू पाना सीएम के लिए बड़ी चुनौती: रामकुमार गौतम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम के बागी तेवर थमने का नाम नहीं ले रहे। प्री बजट चर्चा के अंतिम दिन उन्होंने फिर डिप्टी सीएम पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला। वह सरकार पर भी निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने जहां नगर एवं ग्राम योजना महकमे को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया, वहीं यहां तक कह दिया कि भ्रष्टाचार रूपी सांप सीएम के बिस्तर में लोट रहा है। उस पर काबू पाना सीएम के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।
सीएम मनोहर लाल ने बैठक के बाद इस पर कहा कि सभी ईमानदार बनें, सबसे अपेक्षा है। ईमानदार सबको बनना चाहिए। रामकुमार गौतम ने कहा है कि म्यूनिसिपल एरिया में ग्राम एवं नगर योजना विभाग का कोई दखल नहीं होना चाहिए। सहायक टाउन प्लानर पर एक जिले के साथ दूसरे जिले का चार्ज भी है। इसलिए वे जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं।
पहले अवैध कालोनियां बसने देते हैं फिर तोड़ने का डर दिखाकर रुपये लेते हैं। सीएम के सामने सबसे बड़ी चुनौती भ्रष्टाचार को रोकना है। डिप्टी सीएम का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार रूपी सांप सीएम के बिस्तर में लोट रहा है। घर के अंदर छिपे सांप पर काबू पा लिया तो सीएम प्रदेश के सफल सीएम साबित होंगे। भ्रष्टाचारियों के बजाए सीएम ईमानदारी लोगों पर भरोसा जताएं तो प्रदेश का सही मायनों में विकास होगा। भ्रष्टाचार रूपी सांप कौन है, इस पर गौतम ने कहा कि जिनके खून में भ्रष्टाचार है।
सीएम ईमानदार हैं लेकिन मजबूती के साथ रहे तो कामयाब होंगे। जब तक भ्रष्टाचार जिंदाबाद है, तब तक किसी चीज का हल नहीं निकलेगा। गौतम ने कहा कि हर विधायक को 5 करोड़ रुपये ग्रामीण विकास पर खर्च करने का अधिकार दिया गया है, इसे बढ़ाकर 20 करोड़ किया जाए। सरकार हर गांव में स्वच्छ पेयजल का प्रबंध करे।
मंत्रियों की ऐच्छिक निधि 7 करोड़ रुपये है, विधायक भी जीतकर आए हैं, उनकी भी ऐच्छिक निधि कम से कम मंत्रियों की आधी होनी चाहिए। सीएम मनोहर लाल ने कहा है कि अवैध कालोनियां बनने पर अंकुश लगना चाहिए। यह शहरों की सूरत को बिगाड़ रही हैं। बैठक के दौरान सबने इस पर चिंता जताई है। शहरों की सूरत ठीक रहे, इसके सुझाव मिले हैं।