फैसलाः इनेलो की रार के बीच बदल सकता पार्टी का कार्यालय, नैना चौटाला के फ्लैट से होगा शिफ्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इनेलो की अंतर्कलह के कारण अब पार्टी के राज्य मुख्यालय का पता भी बदलने जा रहा है। वर्तमान में पार्टी का मुख्यालय सेक्टर-3 के फ्लैट नंबर 17 में है। इनेलो के राज्य मुख्यालय का नया पता एमएलए फ्लैट नंबर 47 या 109 हो सकता है। यह फ्लैट इनेलो के प्रधान महासचिव डॉ. अजय सिंह चौटाला की विधायक पत्नी नैना चौटाला के नाम है।
सांसद दुष्यंत चौटाला और इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के निष्कासन के बाद परिवार व पार्टी में दरार और बढ़ गई है। अजय चौटाला और परिवार के तेवर तीखे हैं तो नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला के सुर थोड़ा नरम पड़े हैं। बावजूद इसके परिवार व पार्टी में सुलह अभी तक नहीं हो पाई है। जिसके चलते नैना चौटाला के फ्लैट में स्थित पार्टी मुख्यालय की शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है।
रविवार को कुछ सामान शिफ्ट किया गया। चौटाला परिवार में बढ़ी रार के बाद से ही तय माना जा रहा था कि इनेलो मुख्यालय शिफ्ट होगा। रविवार को कयासों पर विराम लग गया और शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अभी तक पार्टी नेताओं को लग रहा था कि जल्दी सुलह हो सकती है, लेकिन डॉ. अभय चौटाला और नैना चौटाला के बेटों के समर्थन में खुलकर आने से बात बनती नहीं दिख रही।
सूत्रों के अनुसार नैना चौटाला के नाम आवंटित फ्लैट नंबर 17 से आने वाले दिनों में जननायक सेवादल व इनसो की गतिविधियां जोर पकड़ सकती हैं। सांसद दुष्यंत चौटाला जननायक सेवादल को सक्रिय करने के संकेत भी दे चुके हैं।
समझौता कराने को बादल आगे आए, अजय चौटाला से आज होगी मुलाकात
चौटाला परिवार व इनेलो में चल रही विरासत की लड़ाई को सुलझाने के लिए पंजाब के पूर्व सीएम व ओपी चौटाला के पारिवारिक मित्र प्रकाश सिंह बादल आगे आए हैं। सुलह की कोशिशें सिरे चढ़ाने को लेकर सोमवार को प्रकाश सिंह बादल की डॉ. अजय सिंह चौटाला से चंडीगढ़ में मुलाकात होगी। बादल को चौटाला परिवार बहुत मानता है। ऐसे में बादल कोई बीच का रास्ता निकालकर अजय-अभय को फिर से एक मंच पर लाने का प्रयास करने जा रहे हैं।
पार्टी मुख्यालय शिफ्ट करने पर दुष्यंत की चुप्पी
सांसद दुष्यंत चौटाला ने रविवार को दिल्ली के 18 जनपथ स्थित निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। बैठक में प्रदेश में मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश भर से कई इनेलो कार्यकर्ता पहुंचे। चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय को शिफ्ट करने पर दुष्यंत ने कोई कमेंट करने से मना कर दिया।