पोस्ट ऑफिस से करें ऑनलाइन शापिंग, न डिलीवरी चार्ज न ठगी का चांस, कई और भी फायदे
अब डाकघर विभाग भी अमेजन और फ्लिपकॉर्ट की तरह ई-ट्रेडिंग करवाएगा। डाक की तरह विभाग सामान भी पहुंचाएगा। डाकघर के ई-कॉमर्स पोर्टल के जरिए लोग कपड़ों से लेकर एसी, फ्रिज जैसे बड़े व छोटे सामान खरीद सकेंगे। उपभोक्ता जहां इस पोर्टल से अपने जरूरत के सामान खरीद सकेंगे। वहीं निर्माता अपने उत्पाद को भी देश-दुनिया में बेच सकेंगे।
विभिन्न कंपनियों और विक्रेताओं को अभी से ही इससे जोड़े जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। फिलहाल अंबाला में इस पर पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में काम किया जा रहा है। इसके बाद करनाल समेत अन्य जिलों में भी यह सेवा शुरू होगी। ऑनलाइन शॉपिंग में ठगी के चांस भी रहते हैं। लेकिन यह सर्विस सरकारी विभाग की होने से सामान लेने पर लोगों के साथ ठगी के चांस भी कम रहेंगे।
ग्राहक तक सामान पहुंचाने की जिम्मेदारी डाक विभाग की रहेगी। ग्राहक सामान का भुगतान भी विभाग के कर्मचारियों को ही करेगा। विभाग अपना कमीशन काटकर सामान की कीमत फर्म को जमा करवा देगा।
कोई होम डिलीवरी चार्ज नहीं, रिटर्न का भी विकल्प
खास बात यह है कि इस पोर्टल पर ग्राहकों द्वारा खरीदा सामान स्पीड पोस्ट के जरिए डाकिया उनके घर तक पहुंचाएगा। इसकी एवज में उनसे होम डिलीवरी का कोई चार्ज नहीं लगेगा और न ही सामान की कीमत में इसे शामिल किया जाएगा।
सामान पसंद न आने की स्थिति में उपभोक्ताओं को रिटर्न का विकल्प भी दिया गया है। विभाग के इस प्रयास का लाभ बड़ी कंपनियों को तो मिलेगा ही साथ ही छोटे एवं स्थानीय कारोबारियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए भी बेहतर प्लेटफार्म मिलेगा।
विभाग का फायदा: 10 प्रतिशत तक कमीशन
सामान खरीद एवं बेच के लिए ऑनलाइन माध्यम बनें डाक विभाग को इस योजना से आर्थिक बल भी मिलेगा। सरकारी एजेंसी के सामान की खरीद पर सात प्रतिशत और निजी एजेंसी के सामान पर 10 प्रतिशत तक कमीशन विभाग को मिलेगा।
फ्री होगा रजिस्ट्रेशन
कोई भी कंपनी विभाग के पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन निशुल्क करवा सकत है। इसके लिए पहले कंपनी को विभाग से एग्रीमेंट करना होगा। उसके बाद कंपनी को कोड अलॉट किया जाएगा। इस कोड के बाद ही कंपनी अपना उत्पाद डिस्पले कर सकेगी। उसके बाद ग्राहक अपना मनपंसद सामान खोजकर ऑर्डर कर सकेगा।
स्थानीय स्तर पर पोर्टल को लेकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पोर्टल से खरीदे प्रोडक्ट को डाक विभाग देश के हर कोने में होम डिलीवरी करेगा। उत्पादों की डिलीवरी पोस्टमैन के जरिए होगी। फिलहाल अंबाला में पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में इसे शुरू किया जा रहा है। इसके बाद अन्य जिलों में भी शुरू होगी। -राजकुमार, एमई डाकघर।