न्यू ईयर ईवनिंग पर है हुडदंग की तैयारी तो जरूर पढ़े ये खबर
न्यू ईयर ईव पर जश्न अगर घर से बाहर सेलिब्रेट करने की योजना कर रहे हैं तो एक बात का ख्याल जरूर रखें। नशे में वाहन न चलाएं और हुड़दंग करने से बचें। ऐसा कुछ भी किया तो नया साल हवालात में मन सकता है।
यूटी पुलिस ने ऐसे लोगों से सख्ती से निपटने की तैयारी कर रखी है। वहीं ड्रंकन ड्राइव करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए ट्रैफिक पुलिस शहर भर में स्पेशल नाके लगाएगी।
यह नाके 31 दिसंबर को रात 10 से दो बजे तक लगाए जाएंगे। यूटी पुलिस की ओर से साल की अंतिम रात के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए हैं।
31 दिसंबर की रात में लगेंगे शहर भर में 20 नाके
पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार नववर्ष की पूर्व संध्या पर शहर भर में विशेष 20 नाके लगाए जाएंगे। मुख्य मार्गों के अलावा अंदरूनी रास्तों पर भी सरप्राइज नाके लगाए जाएंगे।
यह सब ड्रंकन ड्राइव करने वालों को रोकने के लिए है, ताकि वे किसी दूसरे के लिए खतरा न बन सकें। वहीं पुलिस ने लोगों से डंकन ड्राइव न करने की अपील की है।
वहीं शहर के सभी पब, डिस्कोथेक, क्लब और बार एंड रेस्त्रां के बाहर विशेष चौकसी के लिए स्पेशल पुलिस कमिर्यों की तैनाती की जाएगी। यहां हंगामा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। एक बार समझाने के बाद भी अगर कोई नहीं माना तो उसका न्यू ईयर हवालात में भी गुजर सकता है।