नाना पाटेकर निधन: भावुक हुए हरियाणवी कलाकार, यशपाल शर्मा और रणदीप हुड्डा ने सोशल मीडिया पर लिखी मन की बात
यशपाल शर्मा ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर नाना पाटेकर का स्कैच लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी पोस्ट किया है। उन्होंने अब तक छप्पन फिल्म का एक वीडियो क्लिप भी पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने नाना पाटेकर के साथ काम किया था।
विस्तार
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। हरियाणा से जुड़े अभिनेता यशपाल शर्मा, रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री मेघना मलिक ने भी नाना पाटेकर को याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किए हैं। नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह 75 वर्ष की उम्र में गोवा स्थित आवास पर कार्डियक अरेस्ट के बाद निधन हो गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
रणदीप हुड्डा ने नाना पाटेकर के साथ अपनी मुलाकात और उनके अभिनय की यादों को साझा करते हुए भावुक पोस्ट लिखी। नाना पाटेकर ने चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में हिंदी और मराठी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। परिंदा, क्रांतिवीर, अग्निसाक्षी, खामोशी, अब तक छप्पन और वेलकम जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पद्मश्री सहित कई सम्मान मिले। नाना पाटेकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत फिल्म जगत की कई हस्तियों ने भी शोक जताया है। महाराष्ट्र सरकार ने उनके अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की घोषणा की है।
नाना सर आपकी बहुत याद आएगीः रणदीप
रणदीप ने लिखा कि जब उन्होंने पहली बार नाना पाटेकर को फिल्म 'परिंदा' में देखा था तो उन्हें लगा ही नहीं कि वह किसी अभिनेता को देख रहे हैं, बल्कि ऐसा लगा जैसे कोई असल इंसान को देख रहा हूं। वर्षों बाद नाना से मिलने पर भी उनका यह अहसास बरकरार रहा। रणदीप ने लिखा कि नाना एक ऐसे इंसान थे जो अपने दिल की बात खुलकर कहते थे और दिखावे से दूर रहते थे। उन्होंने नाना को बेमिसाल अभिनेता और इंसान बताते हुए कहा कि उनके जाने से उन्हें गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। उन्होंने नाना को ईमानदार, निडर और हमेशा खुद के प्रति सच्चा रहने वाला कलाकार बताया। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि नाना सर की बहुत याद आएगी और उनकी आत्मा को शांति मिले।
नाना ने मेघना के लिए अपने हाथों से बनाया था खाना
मेघना मलिक ने भी नाना पाटेकर के निधन पर भावुक प्रतिक्रिया दी। दोनों ने हाल ही में निर्देशक प्रकाश झा की वेब सीरीज संकल्प में साथ काम किया था। इसी साल मार्च में मेघना ने नाना पाटेकर के साथ बिताए पलों का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। रिपोर्टों के अनुसार संकल्प के सेट पर नाना ने मेघना के लिए अपने हाथों से खाना भी बनाया था। रणदीप हुड्डा भी नाना पाटेकर के साथ काम कर चुके थे। दोनों ओ रोमियो की स्टारकास्ट का हिस्सा रहे। इसके अलावा रणदीप की आगामी फिल्म ईथा में भी नाना पाटेकर उनके साथ नजर आने वाले हैं।
यशपाल शर्मा ने लिखा विल मिस यू सर
यशपाल शर्मा ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर नाना पाटेकर का स्कैच लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी पोस्ट किया है। उन्होंने अब तक छप्पन फिल्म का एक वीडियो क्लिप भी पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने नाना पाटेकर के साथ काम किया था। इस वीडियो के टाइटल में यशपाल शर्मा ने लिखा है कि विल मिस यू सर।
