मोदी की रैली के बहिष्कार का ऐलान, काले झंडे दिखाए जाएंगे
11 सितंबर को चंडीगढ़ में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का बहिष्कार करने और काले झंडे दिखाने का ऐलान किया गया है। ऐलान हाउसिंग सोसाइटीज वेलफेयर एसोसिएशन ने किया। एसोसिएशन ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए सेक्टर-50 में कैंडल मार्च निकाला।
हर सप्ताह एसोसिएशन दक्षिणी सेक्टर में अलग-अलग जगह पर कैंडल मार्च निकाल रही है, जबकि मांगें मनवाने के लिए कई बार प्रशासन और निगम अधिकारियों से बैठक की जा चुकी है। कैंडल मार्च में सेक्टर-48, 49, 50 और 51 के लोगों ने भी भाग लिया।
एसोसिएशन अध्यक्ष कमलकांत गुप्ता का कहना है कि अभी तक प्रशासन को कई बार अपनी समस्याओं से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली। ऐसे में निर्णय लिया गया है कि फेडरेशन की 9 सितंबर को बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री रैली का बहिष्कार करने और काले झंडे दिखाने का निर्णय लिया जाएगा।
ये हैं एसोसिएशन की मांगें
-सोसाइटी के भीतर निगम की ओर से कोई भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं, जबकि सड़क, पार्क और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था खुद अपने खर्च पर कर रहे हैं।
-सोसाइटी के फ्लैट्स को लीज से फ्री होल्ड में बदला जाए।
-सेक्टर-51 में कम्युनिटी सेंटर और ईसंपर्क का निर्माण किया जाए।
-दक्षिणी सेक्टर में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाया जाए।