चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) अब डिमांड नोटिस के साथ मकान में रहने वाले लोगों को बैंक चालान की रसीद भी भेजेगा। यह नोटिस उन लोगों को भेजे जाएंगे, जिन्होंने पिछले काफी समय से मकान का किराया नहीं जमा कराया है। बैंक चालान की रसीद इसलिए भेजी जाएगी, ताकि लोग बैंक में जाकर बिना किसी समस्या के किराया जमा करा सकें।
हाउसिंग बोर्ड ने अपनी विभिन्न सेवाओं के लिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा दी है। बावजूद इसके शहर में अभी भी बैंक में जाकर किराया जमा कराने वाले लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। ऐसे लोग चालान में जानकारी भरते समय कई बार गलती कर देते हैं, जिसकी वजह से बोर्ड को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। वह राशि जमाकर्ता के खाते में नहीं जाती और बोर्ड भी बाद में परेशान होता है, इसलिए बोर्ड ने अब किराया जमा कराने के नोटिस के साथ बैंक चालान की रसीद भी भेजेगा, ताकि वह उसके माध्यम से बैंक में जाकर किराया जमा करा सकें। सीएचबी के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने सभी अकाउंट्स अधिकारियों को यह आदेश जारी कर दिए हैं कि नोटिस भेजते हुए वेबसाइट से जनरेट एक चालान की कॉपी भी भेजें, ताकि लोग उसका उपयोग कर भुगतान कर सकें। हालांकि, बोर्ड लोगों को ऑनलाइन भुगतान के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसके लिए बोर्ड हर महीने लक्की ड्रा भी निकलता है और 10 लोगों को एक-एक हजार रुपये इनाम के तौर पर दिए जाते हैं।