Haryana Weather: कोहरे में लिपटा पूरा हरियाणा, रोहतक में भिड़े कई वाहन, दो की मौत, 25 तक बारिश के आसार नहीं
कई जिलों में सुबह विजिबिलिटी 500 मीटर तो जीटी रोड और हाईवे पर 50 मीटर विजिलिबिटी रही। कोहरे के कारण जीटी रोड पर वाहनों की गति धीमी रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और सुबह घना कोहरा छा गया। इससे दृश्यता घटकर 60 मीटर तक पहुंच गई। इस कारण से आमजन खासकर वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो अभी दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। सोमवार सुबह जब लोग उठे तो बाहर घना कोहरा छाया मिला। सुबह साढ़े 8 बजे दृश्यता 60 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। वाहन चालकों को लाइट ऑन कर सफर तय करना पड़ा। वहीं कोहरे के कारण कई हादसे भी हुए।
रोहतक में दो की मौत
रोहतक में सोमवार को घने कोहरे में कई वाहन टकरा गए। हादसों में एक बाइक सवार और एक कार सवार की मौत हो गई। सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण वाहनों की स्पीड काफी कम रही।रोहतक के आउटर बाईपास माडोदी चौक पर ट्रक में कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हुई है। वहीं गोहाना चौक बाईपास पीरबोधी के पास धुंध में ट्रक और बाईक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार मकडोली निवासी जगबीर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मौके पर कार्रवाई में जुटी हुई है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि दो-तीन अभी कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। हवाओं की गति थमने व पर्याप्त मात्रा में नमी मिलने से कोहरा की स्थिति पैदा हुई है। 25 नवंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है। इसके बाद दिन के तापमान में और गिरावट आएगी।
फसलों को अभी नुकसान नहीं
एचएयू के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि कोहरा छाने से दिन के तापमान में कुछ गिरावट आएगी, जो गेहूं की फसल के फायदेमंद साबित होगी। फिलहाल गेहूं में फुटाव हो रहा है। मगर कोहरे की स्थिति ज्यादा दिन रहती है तो सरसों की फसल में रोग आ सकते है, जिनमें सफेद रतुआ व तना गलन आदि रोग शामिल हैं। चूंकि अभी दिन के समय धूप निकल रही है तो कोहरे से फसलों को कोई नुकसान नहीं होगा।
सोनीपत में हाईवे पर यात्रा करने वाले लोगों को कोहरे में सबसे अधिक दिक्कत हुई। कोहरे में दृश्यता 10 मीटर से कम होने के चलते हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर पांच वाहन टकरा गए। जीटी रोड पर गन्नौर चौक के पास ट्राले में ट्रक के टकराने से मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस को मशक्कत कर वाहनों को निकालना पड़ा।
रविवार रात से ही हल्का कोहरा छा गया था। सोमवार तड़के तक कोहरे का असर बहुत ज्यादा हो गया था। दृश्यता भी 10 मीटर से कम थी। जिससे हाईवे समेत अन्य मार्गों पर चलने वाले लोगों की मुसीबत बढ़ गई। सोमवार का दिन होने के चलते हाईवे पर वाहनों का आवागमन अधिक था।
सुबह हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर करीब पांच वाहन आपस में टकराने से क्षतिग्रस्त हो गए। गन्नौर में एक ट्राला में ट्रक के टकरने के चलते एक लेन बाधित हो गई। ट्राला चालक व क्लीनर चोटल हो गए। उन्हें अस्पताल में उपचार दिलवाया गया। दोनों वाहनों के मार्ग के बीच में खड़े होने से अन्य वाहनों को संपर्क मार्ग से निकाला गया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। दिल्ली-पानीपत लेन से वाहनों को सपर्क मार्ग से गुजारा गया। उसके बाद तीन क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया। उसके बाद ही वाहन चालकों को राहत मिली।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.