पंचकूला: मनोहर की फिल्म सिटी में लगेगा लाइट-कैमरा और एक्शन का तड़का, एचएसवीपी ने 5 करोड़ में नियुक्त किया कंसल्टेंट
मोरनी और पिंजौर पहाड़ी क्षेत्र होने के साथ ही ऐतिहासिक किले और ग्रामीण इलाकों को भी सहेजे है। पिंजौर और मोरनी दोनों ही जगह हिमाचल को कनेक्ट करने के साथ ही पंजाब और चंडीगढ़ से सटा हुआ है। ऐसे में शूटिंग के लिए लोकेशन और एडिटिंग के लिए अच्छे स्टूडियो यहां आसानी से मिल जाएंगे।
विस्तार
पिंजौर-मोरनी की हसीन वादियों में जल्द पॉलीवुड, बॉलीवुड के कलाकार लाइट-कैमरा और एक्शन का तड़का लगाएंगे। क्योंकि पिंजौर एचएमटी के सेक्टर-29 में 60 एकड़ में बनने वाली फिल्म सिटी के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने 5 करोड़ में कंसल्टेंट नियुक्त कर लिया है। यहां 60 एकड़ में पीपीपी के तहत एक हजार करोड़ की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जाएगी।
विभाग के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ड्रीम प्रोजेक्ट मुंबई, हैदराबाद व विदेशों की फिल्म सिटी पर आधारित होगा। इसकी संभावनाएं कंसल्टेंट तलाश रहा है। इस प्रोजेक्ट पर अगले आठ माह के अंदर काम शुरू हो जाएगा। इसे साल में पूरा कर लिया जाएगा। इस फिल्म सिटी को हैदराबाद में रामोजी फिल्म सिटी की तर्ज पर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
बॉलीवुड के निर्देशकों की बनेगा पहली पसंद
मोरनी और पिंजौर पहाड़ी क्षेत्र होने के साथ ही ऐतिहासिक किले और ग्रामीण इलाकों को भी सहेजे है। पिंजौर और मोरनी दोनों ही जगह हिमाचल को कनेक्ट करने के साथ ही पंजाब और चंडीगढ़ से सटा हुआ है। ऐसे में शूटिंग के लिए लोकेशन और एडिटिंग के लिए अच्छे स्टूडियो यहां आसानी से मिल जाएंगे। बता दें कि बॉलीवुड के निर्देशक हिमाचल, पिंजौर व मोरनी की वादियों को अपने कैमरे में कैद करना चाहते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में ज्यादा दिन रुक नहीं पाते, यदि हिमाचल के नजदीक पिंजौर में फिल्म सिटी का निर्माण होता है तो हरियाणा के कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
फिल्म सिटी में क्या क्या होगा
- इन और आउट डोर स्टूडियो
- रेलवे स्टेशन सेटअप
- मंदिर और अस्पताल का सेटअप
- सेंट्रल प्लाजा
- गांव का सेट
- प्राइवेट बोट सेट
- रिकार्डिंग थिएटर
- फोटोग्राफी स्टूडियो
- पार्क
- रेजिडेंशियल अपार्टमेंट
- फाइव स्टार होटल
- ऑडिटोरियम
तीन नेशनल हाईवे से जुड़ी होगी फिल्म सिटी
पिंजौर की फिल्म सिटी तीन किलोमीटर के दायरे में तीन नेशनल हाइवे से जुड़ी होगी। इनमें पंचकूला-शिमला हाईवे, पिंजौर-बद्दी, पिंजौर बाईपास (सूरजपुर से बद्दी) इसके अलावा फिल्म सिटी के नजदीक रेलवे लाइन, हिली एरिया भी है, जो शूटिंग के लिहाज से बेहतर साबित होगा। दरसअल, बॉलीवुड का प्रत्येक निर्देशक यहां की हसीन वादियों को कैमरे में कैद करना चाहता है, लेकिन यहां शूटिंग करने के लिए निर्देशकों को कई समस्याओं से गुजरना पड़ता है। आधुनिक स्टूडियो का अभाव यहां सबसे अधिक है। जरूरी नहीं है कि फिल्म के सभी दृश्य खुली वादियों में ही फिल्माए जा सकते हैं, कुछ दृश्यों को स्टूडियो में भी फिल्माया जाता है, जिसके लिए पूरी यूनिट को मुंबई लौटना पड़ता है। यह सुविधा पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित फिल्म सिटी में मिलेगी तो हरियाणा मिनी बॉलीवुड के नाम से जाना जाने लगेगा।
पिंजौर एचएमटी के सेक्टर-29 में 60 एकड़ में बनने वाली फिल्म सिटी के लिए 5 करोड़ में कंसल्टेंट नियुक्त कर लिया गया है। यह प्रोजेक्ट पीपीपी के तहत एक हजार करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा। अगले आठ माह के अंदर प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। संचालन, रखरखाव व फिल्म सिटी से आमदनी व रोजगार का हिसाब भी लगाया गया है। इसमें प्रोजेक्ट का काम अलॉट होते ही विभाग को रेवेन्यू आना शुरू हो जाएगा। वहीं, काम पूरा होते ही करीब पांच करोड़ तक विभाग के पास रेवेन्यू आ जाएगा। इसके बाद का रेवेन्यू प्रोजेक्ट से जुड़े अगली टेंडर प्रक्रिया पर आधारित होगा। -एनके पायल, एक्सईएन एचएसवीपी पंचकूला