हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज बोले- मोहाली एयरपोर्ट पर उतरने वाले यात्रियों की जिम्मेदारी पंजाब की
- गृह मंत्री अनिल विज बोले- पंजाब में आने वालों की क्वारंटीन की व्यवस्था पंजाब करेगा
- अमेरिका से लौटै 76 लोगों को विदेश मंत्रालय के कहने पर किया था क्वारंटीन
विस्तार
मोहाली एयरपोर्ट पर उतरने वाली फ्लाइट से हरियाणा सरकार ने अपना पल्ल झाड़ लिया है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में हरियाणा की तरफ से कोई हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। सभी यात्रियों को क्वारंटीन करने की व्यवस्था पंजाब सरकार को ही करवानी होगी।
हालांकि अमेरिका से आए 76 हरियाणवियों को हरियाणा सरकार ने ही क्वारंटीन करवाया है लेकिन इस मामले में विदेश मंत्रालय की तरफ से इन नागरिकों की लिस्ट भेजी गई थी और उन्हें क्वारंटीन करवाने के लिए कहा गया था। अब इन यात्रियों में से 22 मामले संक्रमित होने के बाद सरकार की चिंता बढ़ गई है। बहरहाल दिल्ली बार्डर पर यथास्थिति अभी बरकरार रहेगी।
दिल्ली से आवश्यक सेवाओं में लगे व्यक्तियों को टेस्ट के बाद ही हरियाणा में प्रवेश दिया जाएगा। सरकार को इस बात का इंतजार है कि लॉकडाउन-पांच में किस तरह के दिशा-निर्देश होंगे। उसी के मुताबिक काम किया जाए। विज ने यह भी आगाह किया है कि जब यातायात खुल गया है तो कोरोना का खतरा भी बढ़ गया है। लिहाजा सभी लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए।
मुंबई और देश के अन्य शहरों से आने वाले यात्रियों की मोहाली के चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग और चेकिंग करने के बाद उनको यहां से रवाना किया जा रहा है। आने वाले यात्रियों में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा के यात्री शामिल हैं। इन यात्रियों का सारा डाटा एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों द्वारा लिया जा रहा है।
यह डाटा संबंधित राज्यों को भेज दिया जाएगा। पंजाब के लिए आने वाले यात्रियों की भी चेकिंग की गई और उसके बाद उनको यहां से रवाना कर दिया। एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार को डाटा मिलने के बाद वह संबंधित यात्रियों को होम क्वारंटीन के लिए कह सकती है।
इस मामले में पंजाब सरकार ही आने वाले व्यक्तियों को क्वारंटीन करवाने की व्यवस्था करेगी। - अनिल विज, गृह मंत्री, हरियाणा