हरियाणा : शहरों की तर्ज पर गांवों में बनेंगी अत्याधुनिक कॉलोनियां, इसराना से होगी शुरुआत, गरीबों को सस्ते में मिलेंगे प्लॉट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा सरकार शहरों की तर्ज पर गांवों में भी अत्याधुनिक कॉलोनियां विकसित करेगी। 150 से 500 गज तक के प्लॉट गरीब लोगों को सस्ते रेट पर आवंटित किए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपनी ही पार्टी के विधायक ईश्वर सिंह के सवाल पर यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गरीब लोगों के लिए योजनाबद्ध कॉलोनी विकसित की जाएंगी। इनमें बिजली की सुविधा के लिए अलग पावर हाउस, सामुदायिक केंद्र, खेल परिसर, अच्छी सड़कें और पशुओं को पानी पिलाने के लिए तालाब बनाए जाएंगे। हरियाणा ग्रामीण विकास प्राधिकरण पानीपत जिला के इसराना से इसकी शुरूआत करने जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश की पहली योजनाबद्ध कॉलोनी होगी, जहां मजदूर से लेकर छोटे कर्मचारी तक प्लॉट ले सकेंगे। तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में गरीब लोगों को 100-100 गज के प्लॉट देने की योजना शुरू की गई थी। जिन गांवों में पंचायत की भूमि पर्याप्त मात्रा में थी, वहां पर तो इस योजना को अंजाम दे दिया गया लेकिन जहां पर जमीन उपलब्ध नहीं थी, वहां लोगों को प्लॉट नहीं मिले। पहली अप्रैल 2021 से देश में जनगणना शुरू की जाएगी। इस दौरान गरीब लोगों के लिए मकान व उपलब्ध जमीन का जो डाटा उपलब्ध होगा, उसके अनुसार राज्य सरकार आगे कोई विचार करेगी।
उन्होंने कांग्रेस विधायक किरण चौधरी के अनुपूरक सवाल पर बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब लोगों को मकान उपलब्ध करवाने के लिए जितने प्रस्ताव आए थे, उनमें से केवल तीसरी किस्त बकाया है, बाकी सबका भुगतान कर दिया गया है। वर्तमान सरकार ने गरीबों को मकान देने के लिए विभिन्न योजनाओं को इकट्ठा कर एक नई हाउसिंग स्कीम बनाई है, जिसके तहत पात्र लोगों को मकान दिए जाएंगे।
क्या 13 साल में एससी परिवारों की नहीं बढ़ी आबादी
विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि वर्ष 2008 में 100 गज के प्लॉट आवंटित किए गए थे। इसे 13 साल गुजर गए हैं, क्या 13 सालों में एससी परिवारों की आबादी नहीं बढ़ी। 2008 में भी केवल 54 प्रतिशत प्लॉट आवंटित किए गए, उसमें भी 10 प्रतिशत दबंग लोगों ने कब्जे वापस ले लिए। उन्होंने पूछा कि, क्या सरकार की अब प्लॉट आवंटन की योजना है। एचएसवीपी व हाउसिंग बोर्ड की तर्ज पर जमीन अधिग्रहण कर प्लॉट आवंटित किए जाएं।
भिवानी-कैथल नेशनल हाईवे होगा फोर लेन
दक्षिणी हरियाणा के भिवानी से लेकर कैथल तक वाया जींद नेशनल हाईवे को फोर लेन किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा में बताया कि वे पिछले दिनों नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। उन्होंने भिवानी-कैथल रोड को नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधीन करने व फोर-लेन करने का आग्रह किया था। उन्हें उम्मीद है कि प्रस्ताव को स्वीकार कर जल्द काम चालू कर दिया जाएगा।