फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Haryana CM Manohar lal said, BJP will win Delhi elections

प्रांतीय आर्य सम्मेलन में सीएम मनोहर लाल बोले- दिल्ली के रोचक मुकाबले में जीतेगी भाजपा

Sun, 02 Feb 2020 08:56 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतक ( हरियाणा)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतक ( हरियाणा) Published by: ajay kumar Updated Sun, 02 Feb 2020 08:56 PM IST
विज्ञापन
Haryana CM Manohar lal said, BJP will win Delhi elections
प्रांतीय आर्य सम्मेलन में पहुंचे सीएम मनोहर लाल। - फोटो : अमर उजाला

मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि दिल्ली का चुनाव रोचक रहेगा, जिसे भाजपा जीतने की स्थिति में है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों की अलग-अलग विचारधारा है और विचारधारा के आधार पर चुनाव में ध्रुवीकरण तो होता ही है। कांग्रेस के 10 वर्ष के शासन में जमकर लूट-खसोट की गई। सीएलयू के नाम पर करोड़ों के घोटाले किए गए। सीएम रोहतक में प्रांतीय आर्य सम्मेलन और जिला उपभोक्ता फोरम के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। 

विज्ञापन


सीएम ने कहा कि 22 जिलों में से 12 जिलों में जिला उपभोक्ता फोरम के नये भवन बनाए जा चुके हैं। शेष 10 जिलों में भवन बनाए जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाकी जिलों में भी ऐसे भवन बना दिए जाएंगे। इसके लिए जमीन प्रदेश सरकार उपलब्ध कराएगी, जबकि बजट केंद्र सरकार से आएगा। 
विज्ञापन


रोहतक में जिला उपभोक्ता फोरम के लिए 24 साल से बिल्डिंग की मांग की जा रही थी। यह बिल्डिंग एक करोड़ तीस लाख रुपए की राशि खर्च करके बनाई गई है। इसका कवर्ड एरिया 9781 वर्ग फुट है और यह भवन दो मंजिला है। भवन के भूतल पर स्वागत कक्ष के अलावा कोर्ट मंच, रेजिडेंट रूम, पेशी रिकॉर्ड, कंप्यूटर, पुरुष एवं महिला शौचालय, विकलांग शौचालय व गलियारा बनाया गया है। इसी प्रकार पहली मंजिल पर रिकॉर्ड रूम, स्टॉफ रूम, स्टेनो रूम, शौचालय, सदस्यों के कमरे, पुस्तकालय महिला व पुरुष शौचालय व गलियारा बनाया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


खेल स्टेडियम में उतरा सीएम का हेलीकॉप्टर 
इससे पहले सीएम मनोहर लाल के रोहतक पहुंचने पर राजीव गांधी खेल परिसर में हेलीपेड बनाया गया था, जहां मुख्यमंत्री का मंडल आयुक्त डी सुरेश, उपायुक्त आरएस वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल, एसडीएम रोहतक राकेश कुमार, झज्जर के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, नगर निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा, जिला परिषद के चेयरमैन सतीश भालौठ, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, राजकुमार कपूर, कमल धींगड़ा, रोहतक की पूर्व मेयर रेनू डाबला ने स्वागत किया। 

मुख्यमंत्री ने जताया शोक 
मुख्यमंत्री ने वकील वेद प्रकाश दुआ और भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय बंसल की चाची सावित्री देवी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके लिए सीएम मानसरोवर लेन स्थित दिवंगत एडवोकेट वेद प्रकाश दुआ और सेक्टर 1 स्थित दिवंगत सावित्री देवी के निवास स्थान पर पहुंचे और शोक संतृप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

काम कम, प्रचार ज्यादा केजरीवाल का काम : मनोहर लाल

दिल्ली की सत्ता पर भाजपा को काबिज करने के लिए हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने भी मोर्चा संभाला हुआ है। सीएम रोजाना लगभग आधा दर्जन जनसभाएं कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने रोहिणी व बवाना में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि काम कम, प्रचार ज्यादा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का काम है। उनकी सरकार से दिल्ली की जनता दुखी है। सीएए पर उपद्रव मचाने वालों को सीएम ने नसीहत देते हुए कहा कि अगर देश से प्यार नहीं है तो देश में रहना छोड़ दो। देश के प्रति अगर प्यार है तो देश जलाने वालों का साथ छोड़ो। देश के खिलाफ कोई बात सहन नहीं है।

5 साल पहले देश में कांग्रेस का राज था, देश को आशा की किरण के रूप में नरेंद्र मोदी दिखे। लोगों ने भाजपा की सरकार बनाई और 2019 में फिर से मौका दिया। दिल्ली भी कांग्रेस से परेशान थी। जनता परिवर्तन चाहती थी। अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया। उनके कंधे पर चढ़कर केजरीवाल सीएम बने। सीएम बनने के बाद सबसे पहले केजरीवाल ने अन्ना हजारे को ठोकर मारी। उनके साथ रहने वाले साथी एक-एक कर छोड़ गए। सभी तो गलत नहीं हो सकते जो केजरीवाल को छोड़ गए। जनप्रतिनिधियों का काम लोगों की समस्याएं बात कर सुलझाने का होता है, ये धरने पर बैठ जाते हैं। केजरीवाल का काम सस्ती लोकप्रियता और खोखले वादे है।

मोहल्ला क्लीनिक में ताले लगे हैं, डॉक्टर नहीं हैं। आयुष्मान भारत योजना दिल्ली में लागू नहीं की गई। नीति आयोग की रिपोर्ट में स्कूली शिक्षा में हरियाणा दिल्ली से आगे है। पंजाब में जाकर केजरीवाल ने कहा कि एसवाईएल पर के पानी पर हरियाणा का नहीं, पंजाब का हक है। बावजूद इसके हरियाणा दिल्ली में पानी के संकट के समय में काम आता है। 750 की जगह 1050 क्यूसेक पानी दे रहे हैं। इंसानियत के नाते हमेशा दिल्ली को पानी देंगे, चाहे केजरीवाल जितनी राजनीति कर लें। सीएम ने कहा कि चुनाव में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य के साथ देश का मुद्दा उठना लाजिमी है। अनुच्छेद 370, देश का कैंसर था, उसे खत्म किया। दिल्ली में कांग्रेस मैदान में नहीं है, जनता भाजपा की सरकार बनाएगी।

शराब के ठेकों से होती थी आमदनी, लेकिन इससे युवा भटक रहा था

नशे को खत्म करने और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए राज्य सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। इसके लिए गांवों के लोगों से भी आह्वान किया है कि वे इससे अपना कदम मिलाएं। जिस गांव में शराब का ठेका है, अगर वहां का सरपंच ठेके को बंद करवाने के पक्ष में नहीं है, लेकिन उस गांव की 10 प्रतिशत आबादी लिखित तौर पर ठेके को बंद करवाने के लिए प्रस्ताव देगी तो निश्चित तौर पर वह ठेका बंद किया जाएगा।

हमने यह फैसला लिया, तो अनेकों ने कहा कि शराब के ठेके से काफी आमदनी होती है। अगर ठेके बंद कर दिए जाएंगे तो राज्य सरकार की आमदनी कम होगी। जिस पर हमने कहा कि हमें ऐसी आमदनी का क्या करना है, जिससे देश और प्रदेश का युवा लगातार नशे की ओर अग्रसर हो रहा है। दो सड़कें कम बन जाएंगी, दो भवन कम बन जाएंगे, लेकिन युवाओं को नशे के दलदल में नहीं धकेल सकते।

नौजवान का चरित्र हमेशा ऊंचा रहे, यही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। ये बातें सीएम मनोहर लाल ने रोहतक के दयानंद मठ में आर्य समाज के प्रांतीय आर्य महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कहीं। सीएम ने लोगों को आचार्य बलदेव के विचारों पर चलने के बारे में कहा। कार्यक्रम में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी मौजूद रहे।

आर्य समाज ने पर्यावरण सुरक्षा, नशामुक्ति व महिला शिक्षा के क्षेत्र में दिया योगदान

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आर्य समाज एक समाज ही नहीं बल्कि एक आंदोलन है। आर्य समाज ने देश में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का कार्य किया है। आर्य समाज ने पर्यावरण सुरक्षा, नशामुक्ति, महिला शिक्षा आदि पर बल देकर राष्ट्र निर्माण का कार्य किया है। आचार्य बलदेव को श्रद्धांजलि दी और कहा कि आचार्य बलदेव ने आर्य समाज की सेवा की तथा उन्होंने आर्य समाज के सिद्धांतों को प्रतिपादित किया। मुख्यमंत्री ने आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा को अपने स्वैच्छिक कोष से 21 लाख रुपयों की धनराशि देने की घोषणा भी की।

रोटी, कपड़ा और मकान के अलावा शिक्षा और संस्कार भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय चिंतन आज के समय में बहुत बड़ा पहलू है। समाज में रोटी, कपड़ा और मकान मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन इसके साथ-साथ शिक्षा और संस्कार भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मनुष्य समाज की मूल इकाई है, इसलिए मनुष्य का विकास जरूरी है। मनुष्य के विकास से ही राष्ट्र निर्माण होता है और राष्ट्र निर्माण में आर्य समाज की अतुलनीय भूमिका है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा अपने पथ से भटककर नशे की ओर बढ़ रहा है। प्राचीन समय में नशा बहुत कम होता था। युवाओं में नशे की बढ़ती हुई लत पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने जातपात का विरोध किया। आर्य समाज की शिक्षाओं में एक बहुत बड़ा भाव है कि जातपात में उलझकर समाज कभी भी विकसित नहीं हो सकता। हमने इस भेदभाव को दूर करने के लिए हरियाणा एक, हरियाणवी एक का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि स्वामी दयानंद जयंती 18 फरवरी को प्रदेशभर में मनाई जाएगी। इस दिन स्वामी दयानंद की शिक्षाओं पर चर्चा होगी।

जीरो बजट खेती से होगी बीमारियां दूर

सीएम ने बताया कि सरकार ने निर्णय लिया है कि महर्षि दयानंद जयंती के अवसर पर 18 फरवरी को चंडीगढ़ में सभी विधायकों को आमंत्रित करके महर्षि दयानंद की शिक्षाओं पर चर्चा की जाएगी। इसी प्रकार के कार्यक्रम शिक्षण संस्थाओं में भी आयोजित किए जाएंगे।

उपस्थित लोगों ने अपने हाथ खड़े करके मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव का समर्थन किया कि महापुरुषों की जयंती पर राजपत्रित अवकाश के स्थान पर वैकल्पिक अवकाश होना चाहिए और उनके सिद्धांतों और विचारों पर चर्चा होनी चाहिए ताकि आम जनता को प्रेरणा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीरो बजट खेती की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जीरो बजट खेती से बीमारियां दूर होगी और किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।

2022 तक पूरे हरियाणा में होगी जहर मुक्त खेती : राज्यपाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि आचार्य बलदेव ने अपना संपूर्ण जीवन आर्य समाज की सेवा में लगाया। उन्होंने कहा कि आर्य समाज व संस्था है जिसने राष्ट्रीय निर्माण का कार्य किया है। आर्य समाज ने सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार कर देश को एक नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने वेदों का ज्ञान दिया। स्वामी दयानंद ने ही देश के लोगों का परिचय वेदों से करवाया। उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से दस लाख रुपये की राशि आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा को देने की घोषणा भी की। आचार्य देवव्रत ने कहा कि पूरे प्रदेश में प्राकृतिक खेती का अभियान चलाया जाएगा, जोकि जीरो बजट पर होगी।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती करने से लोगों में हो रही कैंसर, शुगर आदि जैसी गंभीर बीमारियों पर लगाम लगेगी। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में 50 हजार किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। अगले साल तक हिमाचल में ढाई लाख किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ देंगे। गुजरात में डेढ़ लाख लोगों के पास देसी गाय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मुख्यमंत्रियों को कहा कि पूरे देश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाए। हमने 2022 तक पूरे हरियाणा प्रदेश को भी जहर मुक्त खेती से मुक्त करने की योजना बनाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed