हरियाणा : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा- सुशासन सहयोगी परिवार पहचान पत्र बनाने में लाएं तेजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि सुशासन सहयोगी जिलों में परिवार पहचान पत्र बनाने के कार्य में तेजी लाएं, जिससे सरकार की हर जरूरतमंद की कल्याण की योजना को जमीनी स्तर तक ले जाया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास के साथ-साथ ईज ऑफ लिविंग की ओर बढ़ रही है ताकि आम जन खुशहाल और समृद्ध बन सके।
यहां सुशासन के सहयोगियों की बैठक में सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार छोटी जोत के किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। आय बढ़ने के साथ-साथ किसानों का वित्तीय प्रबंधन सही हो इसके लिए सरकार किसान मित्र योजना लाएगी। इसके तहत एक व्यक्ति स्वैच्छिक रूप से आगे 100 किसानों को वित्तीय प्रबंधन के बारे में बताएगा।
विकास के साथ-साथ पर्यावरण को बचाए रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार वन मित्र योजना लाने की तैयारी में है। इस योजना के तहत व्यक्ति नए पेड़ लगाएगा और पेड़ों की देखरेख व सुरक्षा करेगा। इस योजना के सफल क्रियान्वयन से प्रदेश में वन क्षेत्र में तेजी से वृद्धि होगी।
उन्होंने सुशासन सहयोगियों को कहा की सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक ले जाने में सहयोग करने के लिए तकनीक का उपयोग करते हुए नवीन रणनीति तैयार करें। इस दौरान मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि पांच वर्ष पहले शुरू हुआ मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम अनूठा प्रयोग है, इसके सार्थक परिणाम सामने आए हैं।
सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण बन गई है। इस कार्यक्रम से एक ओर जहां सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को मजबूती मिलती है, वहीं दूसरी ओर सुशासन सहयोगियों को सरकारी कामकाज का एक अनूठा अनुभव मिलता है। बैठक में सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता भी उपस्थित रहे।