विभाग मिलने के बाद मंत्रियों ने कहा-‘सीएम कप्तान हैं, जहां खड़ा करेंगे वहीं से मारेंगे सिक्सर’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नई टीम अपनी नई जिम्मेदारियों के साथ मैदान में उतर चुकी है। हरियाणा को विकास की नई बुलंदियों तक ले जाना और ‘सबका साथ-सबका विकास’ के फार्मूल पर चलते हुए हरियाणवियों की सेवा करना, टीम मनोहर के नए साथियों के लिए बड़ा दायित्व है। मंत्री बनने और मंत्रालय आवंटन के बाद सभी मंत्रियों ने अब सीएम मनोहर लाल के साथ कदमताल कर आगे बढ़ने का इरादा दिखाया है।
मंत्रियों का कहना है कि सीएम उनके कप्तान है, वे ही उनके गाइड हैं, सीएम जहां खड़ा करेंगे, वे वहीं से सिक्सर मारेंगे, बेहतर खेलेंगे, क्योंकि जीत-हार का सेहरा सीएम के सिर बंधना है। इसलिए अपनी मंत्रीद की पारी वे लोग पूरी जिम्मेदारी के साथ खेलेंगे।
मंत्रिमंडल में शामिल हुए सभी मंत्रियों को दिल से बधाई देता हूं। जल्द ही यह मंत्री अपना कार्यभार संभालेंगे। अब सरकार का काम तेजी से शुरू होगा और अगले हफ्ते में कैबिनेट की बैठक बुलाकर वर्तमान में चल रहे और नई योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। उनकी सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून और लोगों को स्वावलंबी बनाने की होगी। टीम बहुत बेहतर है, मिलकर हरियाणा के विकास के लिए काम करेगी। - मनोहर लाल, मुख्यमंत्री, हरियाणा
मंत्रिपरिषद में सभी वर्गों की साझेदारी की गई है और अगले 5 साल तक सरकार मजबूती से काम करेगी। न्यूनतम साझा कार्यक्रम बनने के बाद विकास की गति और ज्यादा तेज हो जाएगी। इस दौरान गठबंधन की नई सरकार पर देश को प्रगति के पथ पर लेकर जाएंगे। सरकार सभी वर्गों को अपने साथ लेकर चलेगी। सरकार प्रदेश के विकास और हित के लिए मजबूती के साथ काम करेगी। मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्रियों को शुभकामनाएं। - दुष्यंत चौटाला, उप मुख्यमंत्री, हरियाणा
इस बार हरियाणा में तीन सहयोगियों भाजपा, जजपा और निर्दलीयों ने मिलकर सरकार बनाई है और सभी में बहुत बढ़िया सामजंस्य है। मंत्रियों की यह जो टीम बनी है, ऐसा बढ़िया काम करेगी कि लोगों में इसका अच्छा मैसेज जाएगा। सभी मंत्री बैठकर प्रदेश के हर वर्ग के लिए काम करेंगे। हरियाणा में बहुत दिन तक चौधरी देवीलाल और डा. मंगलसेन ने सरकार चलाई हैं, यह ऐसा गठबंधन था, जिसने देश में नई नींवें रखी थी, इसलिए यह गठबंधन बहुत मॉडल सेट करता है। हरियाणा में पहले ही दिन से सभी चीजें मैनेज होकर चल रही है, यह इस बात का इशारा करती है सरकार निर्बाध ढंग से अपना शासनकाल पूरा करेगी। - रणजीत सिंह चौटाला, बिजली एवं जेल मंत्री
अपने इलाके लिए तो हमेशा से काम करता रहा, लेकिन अब पूरा हरियाणा मेरा इलाका है, सभी के विकास के लिए काम करूंगा। मैं खुद कर्मचारी रहा हूं। हम चाहें अफसर हो, विधायक हों, मंत्री हों या सरकारी कर्मचारी हों, हम सभी को लोगों का सेवक बनकर रहना है न कि मालिक बनकर। जो शख्स जनता का मालिक बनकर रहता है, उनसे मुझे बहुत कष्ट होता है, इसलिए मैं सभी से आह्वान करता हूं कि सभी जनता का सेवक बनकर प्रदेश और प्रदेशवासियों की सेवा करें। - जेपी दलाल, कृषि एवं पशुपालन मंत्री
गब्बर ईज बैक, मुझे मुख्यमंत्री जहां खड़ा कर देंगे, मैं वहीं से सिक्सर मारूंगा। पिछली बार जैसे मैंने स्वास्थ्य और खेल विभाग में बेहतर करने की कोशिश की है, इस बार जो जिम्मेदारी मिली है, उसमें बेहतर करके दिखाऊंगा। हमारी तो नीति है काम किया है, काम करेंगे। सरकार और जनता खुद देखेगी कि बेहतर काम का फायदा सीधे जनता को मिल रहा है। क्राइम के ग्राफ को नीचे लाना और स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। यह बहुत ही सामजंस्य की सरकार है, गठबंधन की आपसी समझ बहुत अच्छी है, हमारी नीतियां स्पष्ट हैं, सोच ठीक हैं। - अनिल विज, गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री
सीएम हमारे कप्तान है और हम उनके भरोसेमंद खिलाड़ी। सीएम जिस पोजिशन पर खिलाएंगें, बेहतर खेलेंगे, क्योंकि हार-जीत की सेहरा उन्हीं के सिर बंधना है। मेरा पहला अनुभव विधानसभा चलाने का था, अब सरकार चलाने का अनुभव लेना है। मुझे जो जिम्मेदारी सीएम ने सौंपी है, उसे बखूबी निभाऊंगा। अब मंत्री बनने के बाद जनता की एक बार फिर सेवा करने का मौका मिला है, इसलिए यह पारी भी मेरी पूरी तरह जन सेवा को समर्पित रहेगी। मुझे उम्मीद है स्पीकर के बाद मैं अपनी मंत्रीपद की जिम्मेदारी भी बेहतरी से निभाऊंगा। - कंवरपाल गुर्जर, शिक्षा एवं वन मंत्री
मैं अपने सभी वरिष्ठ नेतागण के साथ-साथ जनता का आभार व्यक्त करता हूं, जिनकी बदौलत मैं मंत्रीपद तक पहुंचा हूं। जनता की सेवा ही मेरी पहली प्राथमिकता रही है और अब मंत्री बनने के बाद जनता के लिए और बढ़िया ढंग से काम करने का मौका मिला है। सीएम मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी, उसे सहज स्वीकार कर पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करूंगा। - ओमप्रकाश यादव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री
जनता की मूलभूत सुविधाएं जो भी होती है, उस पर काम करना हमारी प्राथमिकता और फोकस रहेगा। जल महकमा पहले मेरे ही पास था, हमने इसमें बहुत काम किया है, नहरी पानी को काफी इलाकों तक पहुंचाया है। अब जो नई जिम्मेदारी सीएम ने मुझे दी है। उस पर भी खरा उतरने का प्रयास करूंगा। हमारी गठबंधन की सरकार है, सभी मिल बैठकर हरियाणा के विकास के लिए चर्चा करेंगे, योजनाएं बनाएंगें और फिर काम करेंगे। जनता को इसका बहुत लाभ मिलेगा। -डा. बनवारी लाल, सहकारिता मंत्री
पहले विधायक था, अब मंत्री हूं, जाहिर सी बात है कि अब जिम्मेदारी और बढ़ गई है। पूरी ईमानदारी, भरोसे और विश्वास के साथ काम करता हूं, इस नई जिम्मेदारी को भी अच्छे से निभाऊंगा। भाजपा की नीति ‘सबका साथ सबका विकास’ के आधार पर ही अपना काम करते हुए लोगों की सेवा करूंगा। मुख्यमंत्री ने जो विभाग मुझे दिया है, उनमें बहुत काम करने की संभावनाएं हैं। मेरी कोशिश रहेगी कि मेरे काम का फायदा आमजन को हो और प्रदेश आगे तरक्की करे। जनता की परिवहन सुविधा को बेहतर बनाना मेरी प्राथमिकता होगा। - मूलचंद शर्मा, परिवहन मंत्री, हरियाणा
पहले हॉकी के मैदान में खेलता था, अब सियासी पारी खेलने का सौभाग्य मिला है। महकमा भी खेल विभाग ही मिला है। खिलाड़ियों, खेल और युवाओं की बेहतरी के लिए बेहतर काम करने का प्रयास करूंगा। पहले भी प्रदेश में खेल क्षेत्र में बेहद सराहनीय काम हुए हैं, इसके लिए मैं पूर्व सरकार को बधाई भी देता हूं, कोशिश रहेगी कि इस क्षेत्र में और अच्छा काम करना अपना भी योगदान दे सकूं। - संदीप सिंह, खेलमंत्री, स्वतंत्र प्रभार
मुझे महिला एवं विकास मंत्रालय दिया गया है, मैं इससे बहुत उत्साहित हूं। यह क्षेत्र बहुत ही बेहतरी से काम करने वाला है। कोशिश रहेगी कि महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए और अच्छी योजनाएं बने। हर योजना का लाभ उन तक पहुंचे, ये भी सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में अपनी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाने का प्रयास करूंगी। - कमलेश ढांडा, महिला एवं बाल विकास मंत्री, स्वतंत्र प्रभार
सीएम और डिप्टी सीएम ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मुझे श्रम एवं रोजगार महकमा दिया गया है। इस महकमे में सीएम और डिप्टी सीएम के दिशा-निर्देशानुसार अच्छा काम करने की कोशिश करूंगा, ताकि प्रदेश के लोगों को बेहतर रोजगार मिले और श्रमिकों का जीवन स्तर भी ऊंचा उठे। - अनूप धानक, मंत्री, हरियाणा