तंवर किसी भी दल को समर्थन दें, कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ताः अशोक गहलोत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के पांच करोड़ रुपये में कांग्रेस की टिकट बेचने के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है। गहलोत ने कहा कि जब किसी नेता की टिकट वितरण में नहीं चलती और उसके पसंदीदा समर्थकों को ज्यादा टिकट नहीं मिलते, तो वे नेता इस तरह के आरोप लगाते हैं।
ऐसा सिर्फ कांग्रेस में ही नहीं, बल्कि अन्य दलों में भी होता है। टिकट बेचने का आरोप कोई नया नहीं है, अपने 45 साल के सियासी सफर में इस तरह के बेबुनियाद आरोप मैंने बहुत सुने हैं।
गहलोत ने कहा कि लेकिन इन सबके बावजूद अशोक तंवर के इस अवतार से कांग्रेस हैरान है। गहलोत ने कहा कि मैंने अंत तक अशोक तंवर का साथ दिया, उन्हें समझाया भी गया, मगर वे नहीं माने और उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया। अब तंवर किसी भी दल को समर्थन दें, कांग्रेस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। हरियाणा में कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ रही है।
"मोदी-शाह की जोड़ी भावनात्मक रूप से लोगों को गुमराह कर रही"
चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता के दौरान गहलोत ने कहा कि मोदी-शाह की जोड़ी जिस ढंग से एक साजिश के तहत देश की राजनीति को भावनात्मक रूप देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, वो देश में प्रजातांत्रिक शासन प्रणाली के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि मोदी जी देश की बातें विदेश में जाकर करते हैं, चाहे चीन हो या अमरीका, परंतु हरियाणा विधान सभा के चुनावों में उन्होंने हरियाणा की कोई बात नहीं की।
मोदी जी ने इस बात की चर्चा भी नहीं की कि मनोहर सरकार की अयोग्यता के कारण पिछले पांच वर्षों में राज्य में कितने उद्योग बंद हुए हैं, कितनी बेरोजगारी बढ़ी है, किसानों को कितनी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है और महिलाएं एवं आम जनता किस भय के वातावरण में जी रहे हैं। गहलोत ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस का घोषणापत्र बहुत ही संतुलित है और मनोहर की सरकार तो केवल जुमलों की सरकार ही रही है।