फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Haryana Assembly Election Ranjit Chautala Among Ten Rebels to Contest as Independents Check List

Haryana Election: भाजपा में बगावत और इस्तीफे...रणजीत चौटाला समेत ये दस बागी निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव; देखें सूची

Mon, 09 Sep 2024 01:26 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़ Published by: शाहरुख खान Updated Mon, 09 Sep 2024 01:26 PM IST
सार

भाजपा में बगावत और इस्तीफों के बीच मान मनौव्वल शुरू हो गई है। रणजीत चौटाला समेत 10 ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया है। पूर्व विधायक शशिरंजन ने भाजपा छोड़ दी है। प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पूर्व मंत्री कविता जैन समेत तीन ने पार्टी को प्रत्याशी बदलने का अल्टीमेटम दिया है।

विज्ञापन
Haryana Assembly Election Ranjit Chautala Among Ten Rebels to Contest as Independents Check List
Haryana Assembly Election - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं के बागी तेवर जारी हैं। रविवार को हरियाणा भर में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के करीब 20 नेताओं ने समर्थकों के साथ बैठकें कर आगामी रणनीति तैयार की। मंत्री रणजीत चौटाला समेत 10 नेताओं ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। 
विज्ञापन


पूर्व मंत्री कविता जैन समेत तीन नेताओं ने पार्टी को एक से दो दिन में टिकट बदलने का अल्टीमेटम दिया है। पूर्व विधायक शशिरंजन परमार ने तोशाम और प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने गुरुग्राम से टिकट न मिलने पर भाजपा छोड़ दी। 
विज्ञापन


परमार ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वहीं, जीएल शर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए। मार्केटिंग बोर्ड के पूर्व चेयरमैन आदित्य चौटाला ने भी रविवार को भाजपा छोड़ इनेलो का दामन थाम लिया। वह डबवाली से इनेलो के उम्मीदवार होंगे। पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज रविवार शाम को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिलने के लिए उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन




पूर्व मेयर रेणु बाला को मनाने पहुंचे मनोहर लाल, सैनी भी जा चुके घर
इस्तीफों और बागी तेवरों के बीच अब भाजपा हाईकमान ने नाराज नेताओं को मनाना शुरू कर दिया है। करनाल से सांसद और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रविवार को करनाल में पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता को मनाने उनके घर पहुंचे। मनोहर का दावा है कि सभी नेताओं को मना लिया जाएगा। हालंकि, पूर्व मेयर ने 10 सितंबर को समर्थकों की बैठक में आगामी निर्णय लेने की बात कही है। इससे पहले शनिवार रात मुख्यमंत्री नायब सैनी भी रेणु बाला के घर पहुंचे थे। इधर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मीना चौहान को भी मनाने के प्रयास जारी हैं। वह नीलोखेड़ी से टिकट चाह रही थीं।

रानियां में रणजीत सिंह बोले, यह मेरा आखिरी चुनाव
पूर्व बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने रानियां में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि ये मेरा आखिरी चुनाव है। अपने ही परिवार के सदस्यों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि किसी ने कुछ लोगों के साथ गलत व्यवहार किया व इज्जत नहीं की, जिसके कारण प्रदेश से चौधरी देवीलाल का राज खो दिया। आज हरियाणा में क्षेत्रीय पार्टियों का दौर खत्म हो गया है। पंजाब में अकाली दल खत्म हो गया है।

पूर्व मंत्री संजय सिंह ने भी बुलाई बैठक
सोहना से भाजपा विधायक और राज्यमंत्री संजय सिंह ने भी टिकट कटने को लेकर रोष जताया। राघव वाटिका में चल रहा कार्यकर्ता सम्मेलन के बीच में उन्होंने भी फैसला समर्थकों के ऊपर छोड़ा है।

 

पूर्व विधायक शशिरंजन परमार ने भाजपा छोड़ी 
पूर्व विधायक शशिरंजन परमार ने रविवार को भाजपा से नाता तोड़ लिया। महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय हुआ कि शशिरंजन परमार तोशाम विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। परमार ने कहा कि 11 सितंबर को वे नामांकन दाखिल करेंगे।

जीएल शर्मा ने की घर वापसी
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने रविवार को समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। दिल्ली में रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सरकारी निवास पर जीएल शर्मा को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी का पटका पहनाकर कांग्रेस में शामिल कराया।

 

कोसली और रेवाड़ी में भाजपा के बागी लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव
कोसली में पूर्व मंत्री बिक्रम ठेकेदार और रेवाड़ी में पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव व प्रशांत उर्फ सन्नी ने टिकट नहीं मिलने पर भाजपा से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया है। रविवार को तीनों नेताओं ने अलग-अलग पंचायतें कीं। तीनों ही नेताओं ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का संकेत दिया। सतीश और प्रशांत ने 11 सितंबर को नामांकन कराने का एलान किया है।

पूर्व मंत्री कविता जैन ने 10 सितंबर तक का दिया अल्टीमेटम
टिकट न मिलने से नाराज पूर्व मंत्री कविता जैन और भाजपा नेता राजीव जैन ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने आगामी निर्णय के लिए कमेटी गठित कर दी है और पार्टी को 10 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। कमेटी जो भी निर्णय करेगी, जैन उसी पर चलेंगे।
 

राधा अहलावत आज पंचायत कर लेंगी निर्णय
महम हलके से टिकट न मिलने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता राधा अहलावत और उनके पति शमशेर खरकड़ा ने बहलबा व खरकड़ा गांवों में पंचायत की। पंचायत में शमशेर खरकड़ा ने कहा कि अगर पंचायत कहेगी, तो वे चुनाव लड़ेंगे। अब राधा अहलावत सोमवार दोपहर निर्णय लेंगी कि वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगी या नहीं।

बेरी से भाजपा के बागी अमित लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव
बेरी विधानसभा से टिकट न मिलने से नाराज भाजपा नेता अमित अहलावत ने रविवार को गांव डीघल की पुरानी गोशाला में अहलावत खाप व हलके के 36 बिरादरी की पंचायत में निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया। वह 10 सितंबर को नामांकन करेंगे। नाराज अमित अहलावत शनिवार को भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
 

खरखौदा से भाजपा के प्रीतम बागी होकर लड़ेंगे चुनाव
खरखौदा विधानसभा से टिकट नहीं मिलने पर भाजपा छोड़ने का एलान कर चुके प्रीतम खोखर ने समर्थकों संग बैठक की। प्रीतम ने कहा कि सोमवार को वह समर्थकों को बता देंगे कि किस पार्टी से टिकट लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। एलान किया है कि 11 सितंबर को वह नामांकन करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इनेलो का दामन थाम सकते हैं। 

अजराना का विरोध जारी
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में भाजपा प्रत्याशी कंवलजीत अजराना का विरोध जारी है। रामधारी शर्मा, गुरनाम मलिक, अशोक सिंगला, हरपाल चीका सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिले और प्रत्याशी बदलने की मांग की। विरोध में उतरे कार्यकर्ताओं ने सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया दिया है अन्यथा सामूहिक इस्तीफा देंगे।

डीडी शर्मा ने दो दिन टाली बैठक
कुरुक्षेत्र के थानेसर में भाजपा विधायक राज्यमंत्री सुभाष सुधा को टिकट दिए जाने से नाराज जयभगवान शर्मा डीडी ने रविवार को समर्थकों की होने वाली बैठक दो दिन के लिए टाल दी है। उन्हें अब भी पार्टी की ओर से उम्मीदें हैं। 



 

भावुक हुए सत्यवान शेरा
इसराना से दावेदार भाजपा के पूर्व प्रदेश सचिव सत्यवान शेरा और उनकी पत्नी जिला परिषद की पूर्व वाइस चेयरपर्सन ने रविवार को भालसी गांव स्थित आवास पर बैठक की। दोनों कार्यकर्ताओं के बीच भावुक हो गए। सत्यवान शेरा ने पार्टी को सोमवार सुबह 11 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। वहीं, पानीपत शहरी विधानसभा सीट से भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद लोकेश नांगरू निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

 

शशिकांत कौशिक छोड़ेंगे भाजपा
समालखा विस क्षेत्र में भाजपा नेता शशिकांत कौशिक ने पैतृक गांव चुलकाना में बैठक की। उन्हाेंने भाजपा न छोड़ने की बात कही और ग्रामीणों को 11 सितंबर तक फैसला लेने की अपील की।
 

कांग्रेस में भी विरोध जारी, नरवाल बोले, भाजपा टिकट देगी तो लड़ेंगे
कांग्रेस में भी विरोध और बैठकों का दौर जारी रहा। गोहना में छोटूराम चौक स्थित अपने निवास पर डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई और बातचीत की। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें भाजपा से टिकट मिलता है, तो वह चुनाव लड़ेंगे। इसी प्रकार कुरुक्षेत्र के शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रामकरण काला का विरोध जारी है। रविवार को देवी मंदिर धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें 36 सदस्यीय कमेटी बनाई गई। सोमवार तक यह कमेटी आगामी निर्णय लेगी। पानीपत के समालखा में कांग्रेस के पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर भी नाराज चल रहे हैं।

दिल्ली में हुड्डा आवास के घर पर के बाहर हंगामा
पूर्व सीपीएस रामकिशन फौजी को टिकट दिलाने के लिए बवानीखेड़ा के सैकड़ों समर्थकों ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और हंगामा काटा। समर्थक स्थानीय नेता को टिकट देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान लोगों ने बाहरी नेता बर्दाश्त नहीं के नारे भी लगाए। हाथों में तख्ती लिए समर्थकों ने फौजी को टिकट देने की मांग रखी। वहीं, हुड्डा के आवास से लेकर कांग्रेस मुख्यालय तक पैदल मार्च भी निकाला। यहां पर कांग्रेस ने टिकट घोषित नहीं की है, लेकिन उनको आशंका है कि यहां पर प्रदीप नरवाल को टिकट दिया जा रहा। बाहरी होने का आरोप लगाकर पहले से ही यहां पर नरवाल का विरोध हो रहा है।

जजपा से भी चार ने दिया इस्तीफा
जजपा के प्रदेश सचिव संजीव तंवर ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला को अपना त्यागपत्र भेज दिया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवर सिंह यादव कलवाड़ी ने राजनीति से संन्यास की भी घोषणा कर दी है। महिला सेल की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, रविवार को पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुलोचना ढिल्लो ने जजपा का साथ छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पहले जजपा 36 बिरादरी की पार्टी थी, अब पार्टी चौधरी देवीलाल की नीतियों पर नहीं चलते हुए कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रही है।

पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल की पत्नी और बेटा भाजपा में शामिल
पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल की पत्नी अनीता अग्रवाल अपने पुत्र समर्थ अग्रवाल के साथ रविवार को भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा के जिला अध्यक्ष कमल यादव और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने उनको पटका पहनाकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल कर स्वागत किया। इस बारे में उमेश अग्रवाल का कहना है कि उनके तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है। उमेश अग्रवाल गुड़गांव विधानसभा सीट पर साल 2009 में भाजपा से विधायक चुने गए थे। 2014 में टिकट कटने पर उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। वर्तमान में वह आप से जुड़े हुए हैं।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed