भूकंप: नेपाल की मदद को आगे आया हरियाणा-पंजाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पड़ोसी देश नेपाल में आए भीषण भूकंप से हुई जान-माल की भारी हानि को देख हरियाणा-पंजाब ने मदद को आग बढ़ाए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्र सरकार के जरिए हरियाणा से नेपाल में प्रभावितों को हरसंभव मदद का विश्वास दिलाया है। शनिवार को सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार नेपालवासियों के साथ है। उनकी सरकार की ओर से हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से रविवार को विमान के जरिये नेपाल के आपदा पीड़ितों के लिए खाद्य सामग्री के 20 हजार पैकेट भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि सामाजिक संगठनों की मदद से इन पैकेटों की व्यवस्था करने का काम फरीदाबाद और पानीपत के उपायुक्तों को सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि प्रदेश सरकार नेपाल में मदद पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार को भी पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार की ओर से कहा गया तो भूकंप पीड़ितों के लिए हरियाणा से कंबल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
लुधियाना में बनाया कंट्रोल रूम
नेपाल में भूकंप से हुई तबाही के बाद लुधियाना में भी कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह जानकारी डीसी रजत अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में फोन कर नेपाल में रहने वाले परिजनों की कुशल क्षेम या वहां से जानकारी प्राप्त करने के लिए संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए फोन नंबर 0161-2433100 या 100 पर संपर्क किया जा सकता है।
एसजीपीसी भेजेगी खाने के बीस हजार पैकेट
अमृतसर। नेपाल में भूकंप पीड़ितों के लिए एसजीपीसी ने रविवार को बीस हजार खाने के पैकेट भेजने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शनिवार देर शाम एसजीपीसी अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ को इस त्रासदी में लंगर का योगदान देने निर्देश दिए। मक्कड़ ने तुरंत एसजीपीसी अधिकारियों की एक बैठक का आयोजन कर निर्णय किया कि रविवार सुबह बीस हजार पैकेट भेज दिए जाएंगे।