लुधियाना में दंपती ने खुद को लगाई आग, हलवारा में अधजला शव मिलने से सनसनी
हैबोवाल के रघुवीर पार्क इलाके में रहने वाले रेलवे विभाग से रिटायर्ड सुनील कुमार जैन (62) और उनकी पत्नी चंचल जैन (57) ने मंगलवार को खुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली। बुजुर्ग सुनील कुमार जैन पिछले सात साल से बीमार है और बिस्तर पर हैं। बताया जा रहा है कि दोनों बुजुर्ग पिछले काफी समय से मानसिक तौर पर परेशान चल रहे थे।
घटना के समय सुनील कुमार जैन की छोटा बहू पलक घर पर थी। जिसके शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा। चौकी जगतपुरी इंचार्ज एसआई मलकीत सिंह उन्हें तुरंत सीएमसी ले गए, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में अब बिना मास्क मिले तो देना होगा 500 रुपये जुर्माना, आदेश जारी
एसआई मलकीत सिंह ने बताया कि सुनील कुमार रेलवे से रिटायर्ड है, जबकि उनका बेटा नीरज जैन फिल्लौर में स्टेशन मास्टर है और बड़ा बेटा सौरव जैन ढंढारी कलां स्थित कस्टम विभाग में तैनात है। सुनील कुमार जैन पिछले सात साल से बीमार हैं और चलने फिरने में असमर्थ हैं।
इस कारण पिछले कई दिनों से बुजुर्ग दंपति परेशान थे। घर की बड़ी बहू मीनाक्षी अपने मायके गई थी, जबकि पलक बाहर काम कर रही थी। इसी दौरान चंचल जैन कमरे के अंदर गई और कुछ समय बाद उनके चीखने की आवाज सुनाई दी और कमरे से धुआं निकलता दिखा।
हलवारा: युवक को जिंदा जला शव किनारे फेंका
लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग पर स्थित गांव नूरपुर के पास मंगलवार देर शाम को उस समय सनसनी फैल गई, जब इलाके के लोगों ने सड़क किनारे झाड़ियों में युवक का जला शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव फेंका गया है। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
एसएसपी (लुधियाना देहात) विवेकशील सोनी, एसपी (देहात) राजवीर सिंह बोपाराय, डीएसपी दिलबाग सिंह बाट और कई थानों की पुलिस वहां पहुंच गई। इनके साथ फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीमें भी वहां पहुंची। पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले को हल कर लिया जाएगा।
डीएसपी रायकोट सुखनाज सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम राहगीर ने सूचना दी कि एक अधजली लाश पड़ी है, जिसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं है। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की लेकिन किसी को भी शव के बारे में पता नहीं था।
पुलिस ने आस-पास जांच की तो पता चला कि देर रात इलाके में से चीखने की आवाज आ रही थी। जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक को जिंदा जला उसकी हत्या की गई है। डीएसपी ने बताया कि हत्यारोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को पहले मृतक की पहचान करना जरूरी है।