अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज विश्वजीत ने आयरनमैन ट्रायथलॉन गोवा-2024 में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
चंडीगढ़। आयरनमैन ट्रायथलॉन गोवा 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) अधिकारी विश्वजीत सिंह को सम्मानित किया। सिंह ने इस वैश्विक आयोजन में फिनिशर का खिताब जीता, जिससे वे यह चुनौतीपूर्ण उपलब्धि हासिल करने वाले प्रदेश के पहले एचसीएस अधिकारी बन गए है। इस मौके पर राज्यपाल दत्तात्रेय ने कहा कि देश भर में लोक सेवकों के लिए खेलों में नए मानक स्थापित करने के लिए सिंह का समर्पण सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के और भी कई अधिकारी विभिन्न खेलों में हिस्सा लें और उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। आयरनमैन ट्रायथलॉन गोवा 2024 भारत की सबसे कठिन प्रतियोगिता में से एक है, जिसे शारीरिक और मानसिक शक्ति दोनों की अंतिम परीक्षा के रूप में डिजाइन किया गया है। इस आयोजन में 1.9 किलोमीटर की तैराकी, 90 किलोमीटर की साइक्लिंग रेस और 21.1 किमी. की दौड़ शामिल है। इस उपलब्धि के साथ, विश्वजीत एथलीटों के एक विशिष्ट समूह में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने इस कठिन ट्रायथलॉन को सफलतापूर्वक पूरा किया है। सिंह के पास एक प्रभावशाली एथलेटिक रिकॉर्ड भी है। वे शूटिंग खेलों में एक अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता और हैंडबॉल में राष्ट्रीय पदक विजेता हैं। वर्तमान में वह हरियाणा में खादी और ग्रामोद्योग के सचिव के रूप में तैनात हैं।