चंडीगढ़ में कोरोना : पांच अप्रैल तक सरकारी स्कूल बंद, परीक्षाएं भी बीच में रुकीं
- चंडीगढ़ में तेजी से बढ़ रहा है कोरोना
- शिक्षा विभाग ने पांच अप्रैल तक सरकारी स्कूल बंद करने के दिए आदेश
- सरकारी स्कूलों में हो रहीं नौवीं और ग्यारहवीं की परीक्षाएं भी बीच में रुकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बुधवार को 5 अप्रैल तक स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी कर दिए। इस आदेश के बाद सरकारी स्कूलों में हो रहीं नौवीं और ग्यारहवीं की परीक्षाएं भी बीच में रुक गई हैं। विभाग का कहना है कि इस पर भी 5 अप्रैल के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। दूसरी तरफ निजी स्कूलों ने नया सेशन ऑनलाइन ही शुरू कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी स्कूल में नए सेशन को लेकर 5 अप्रैल के बाद हालातों को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।
कोरोना के मामले नहीं बढ़ने तक शिक्षा विभाग की योजना थी कि 31 मार्च तक सभी विद्यार्थियों की परीक्षा खत्म करवाकर 14 अप्रैल तक नए सेशन की ऑफलाइन माध्यम में ही शुरुआत करवाएंगे। शहर में बढ़ रहे लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या ने एक बार फिर से विद्यार्थियों की शिक्षा व्यवस्था को मझधार में लाकर खड़ा कर दिया है।
कोरोना महामारी के बावजूद सीबीएसई के निर्देशानुसार शहर के सरकारी स्कूलों में नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं ऑफलाइन होनी थी, जिसकी शुरुआत शहर के स्कूलों में 15 मार्च से हुई थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण 22 मार्च को परीक्षाओं को रोक दिया गया। तब तक विद्यार्थियों के तीन से चार पेपर ही हो पाए।
आठवीं तक की परीक्षा खत्म
5 अप्रैल तक विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे। नौवीं-ग्यारहवीं की परीक्षा पर भी 5 अप्रैल के बाद ही फैसला लिया जाएगा। पहली से आठवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा ऑनलाइन करवाई जा चुकी है। कोशिश रहेगी कि 8 अप्रैल तक आठवीं तक का नया सेशन शुरू करवा दें। बाकी अंतिम फैसला भविष्य के हालातों पर ही निर्भर करेगा। -रुबिंदरजीत सिंह बराड़, शिक्षा निदेशक
क्या कहते हैं निजी स्कूल
सभी कक्षाओं के लिए ऑनलाइन माध्यम में ही सोमवार से नया शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया है। अभी हम ऑनलाइन माध्यम में ही शिक्षण जारी रखेंगे। मई में गर्मियों की छुट्टियों के बाद आगे की कक्षाओं पर हालातों को देखते हुए फैसला लेंगे। - कविता दास, प्राचार्या, सेंट जोंस स्कूल- 26
7 अप्रैल से शुरू करेंगे नया शैक्षणिक सत्र
विद्यार्थियों की परीक्षा खत्म हो चुकी है। स्कूल में 7 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र ऑनलाइन माध्यम में ही शुरू करने जा रहे हैं। 10 जून से गर्मियों की छुट्टियां करेंगे। इसके बाद 26 जुलाई से दोबारा स्कूल खोलने की योजना बनाई है। अगर हालात सही रहते हैं तो योजना है कि गर्मियों की छुट्टियों के बाद सामान्य ऑफलाइन माध्यम में कक्षाएं शुरू करवाएंगे। - लुइस लोपेज, प्राचार्य, सेंट स्टीफेंस स्कूल