फ्री यात्रा: चंडीगढ़ के रामकिशोर अपने ऑटो में करवाते हैं मुफ्त सफर, लोगों को मनसा देवी मंदिर ले जाते हैं फ्री
नवरात्र में माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन करने जाना है तो चंडीगढ़ के ऑटो चालक रामकिशोर से संपर्क करें। वह श्रद्धालुओं को अपने ऑटो में मुफ्त सफर करवा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के ऑटो चालक के मन में भगवान के प्रति भक्ति भाव ऐसा कि उन्होंने लोगों के लिए अपने ऑटो सफर मुफ्त कर दिया है। शहर के ऑटो चालक राम किशोर नवरात्र के दिनों में लोगों को मुफ्त सफर करवा रहे हैं। वह श्रद्धालुओं को पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर तक रोजाना मुफ्त यात्रा करवाते हैं। राम किशोर चंडीगढ़ के कैंबवाला में परिवार सहित रहते हैं और शहर में ऑटो चलाते हैं।
राम किशोर ने बताया कि वह हर साल नवरात्र में श्रद्धालुओं को माता मनसा देवी मंदिर तक मुफ्त यात्रा करवाते हैं। राम किशोर ने अपने ई-रिक्शा में एक बड़ा पोस्टर भी लगा रखा है, जिसमें उन्होंने बड़े-बड़े शब्दों में लिखा है कि माता मनसा देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त यात्रा। तीन से 12 अक्तूबर तक चलने वाले सभी नवरात्र के दिनों में श्रद्धालुओं को मुफ्त यात्रा करा रहे हैं। राम किशोर ने पोस्टर पर अपना मोबाइल नंबर भी लिखा है, ताकि लोग उनसे संपर्क कर सकें।
राम किशोर ने बताया कि वह रॉक गार्डन के पास अपना ई-रिक्शा खड़ा रखते हैं। वहां से वह सवारी अपने ई-रिक्शा में बैठाते हैं। वहीं अगर माता मनसा देवी मंदिर जाने के लिए उन्हें सवारी मिलती है तो उन्हें मुफ्त में मंदिर तक छोड़कर आते हैं। इसके अलावा जो लोग उन्हें फोन करते हैं तो राम किशोर उनके पास ई-रिक्शा लेकर पहुंचते हैं और उन्हें माता मनसा देवी मंदिर लेकर जाते हैं।
छह साल से कर रहे सेवा
राम किशोर ने बताया कि वह हर साल नवरात्र में लोगों को माता मनसा देवी मंदिर तक मुफ्त यात्रा करवा रहे हैं। बीते छह साल से राम किशोर श्रद्धालुओं को नवरात्र में मुफ्त सुविधा दे रहे हैं। इसके अलावा शिवरात्रि और गुरु पर्व के दिन भी वह लोगों को मुफ्त में यात्रा करवाते हैं। शिवरात्रि के दिन शहर के शिवालयों में जाने वाले शिव भक्तों से वह किराया नहीं लेते। गुरु पर्व के दिन भी शहर के गुरुद्वारों में जाने वाली संगत को भी अपने ई-रिक्शा में मुफ्त सफर करवाते हैं।
गुरुद्वारे में सेवा की तो बदला गया मन
राम किशोर ने बताया कि आज से छह साल पहले वह शहर के एक गुरुद्वारा में गए थे। वहां उन्होंने देखा कि लोग यहां सेवा करने आते हैं। उन्होंने भी गुरुद्वारा में सेवा की। तब मन में विचार आया कि लोगों की सेवा करना ही सबसे बड़ा पूण्य का काम है। तब से वह लोगों की सेवा के लिए अपने ई-रिक्शा में नवरात्र, शिवरात्रि और गुरु पर्व के दिन लोगों को मुफ्त सफर करवाते हैं।
माता मनसा देवी मंदिर में वीआईपी एंट्री
राम किशोर ने बताया कि नवरात्र के दिनों में माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रहती है। लोगों को लाइनों में लगकर माता रानी के दर्शन के लिए लंबा इंतजार भी करना पड़ता है। लेकिन जिन श्रद्धालुओं को वे अपने ई-रिक्शा में लेकर जाते हैं उन्हें मंदिर में वीआईपी एंट्री दी जाती है और माता के दर्शन भी जल्दी हो जाते हैं। क्योंकि मंदिर कमेटी के लोग राम किशोर की तरफ से की जा रही मुफ्त सेवा से अवगत हैं और राम किशोर माता रानी के सेवादार हैं। इसलिए उनके साथ आने वाले श्रद्धालुओं को वीआईपी एंट्री दी जाती है।
11 साल से शहर में ऑटो चला रहे राम किशोर
राम किशोर ने बताया कि वह 2013 से शहर में ऑटो चला रहे हैं। पहले उनके पास ऑटो था, लेकिन अब उन्होंने ई-रिक्शा खरीदा है। राम किशोर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदाऊं के रहने वाले हैं। वह चंडीगढ़ के कैंबवाला में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं।