गजबः फर्जी एएसआई ने असली से ठगे 38 लाख रुपये, बोला- बेटे को सीधे एसआई भर्ती करवा देंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तपामंडी में एक फर्जी एएसआई ने असली एएसआई से लाखों की ठगी कर ली। पुलिस ने फर्जी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन मामले में नामजद उसकी पत्नी फरार हो गई है। थाना तपामंडी मे दर्ज एफआईआर के मुताबिक सीआईए संगरूर में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह ने गुहार लगाई कि करीब दो साल पहले हरिंदर सिंह निवासी पटियाला उसे मिला और उसने कहा कि वह पुलिस विभाग के खुफिया विंग में खुफिया ऑपरेशनों को अंजाम देने में खास भूमिका निभाता है।
एएसआई परमिंदर सिंह ने बताया कि उस व्यक्ति ने अपना पहचान पत्र भी दिखाया। उसके बाद वह कहने लगा कि वह पढे़-लिखे नौजवानों को सीधे सब इंस्पेक्टर व सिपाही भर्ती करवा देता है लेकिन उसके पैसे लगते हैं। इस पर एएसआई परमिंदर सिंह ने उसको अपने बेटे जतिंदरपाल सिंह को सब इंस्पेक्टर भर्ती करवाने के लिए कहा।
दोनों का सौदा 40 लाख रुपये में तय हो गया। पीड़ित एएसआई ने बताया कि आरोपी ने उसे कहा कि वह तपा के नजदीक किसी मिशन पर आ रहा है, जिस कारण वह उसे अपने बेटे के दस्तावेज व पैसे दे दे। उसने आरोपी को 20 लाख रुपये बतौर टोकन मनी दे दी। आरोपी के साथ उसकी पत्नी भी थी। आरोपी ने बताया था कि उसकी पत्नी डीजीपी ऑफिस में कार्य करती है।
कुछ दिन बाद वह उससे फिर 18 लाख रुपये और ले गया। वह उसको कुछ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ खिंचवाई फोटो दिखाता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी उसने न तो उसके लड़के को नौकरी दिलवाई और न ही उसकी राशि लौटाई। उसने पड़ताल की तो पता चला कि न तो वह पुलिस में सब इंस्पेक्टर है और न ही उसकी पत्नी डीजीपी ऑफिस में कार्यरत है।
तपा थाना के प्रभारी नारायण सिंह ने बताया कि पीड़ित एएसआई परमिंदर सिंह की शिकायत पर नकली सब इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह व उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर हरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी पत्नी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।