क्रेडिट कार्ड अपग्रेड की आए कॉल तो हो जाएं सावधान, सर्वर डाउन बोल ऐसे उड़ा देंगे खाते की रकम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसी भी अंजान नंबर पर बैंक से जुड़ी जानकारी देना आपके लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है। वो शातिर आपका बैंक खाता भी खाली कर सकता है। ऐसे में आपको सावधान रहने की जरूरत है। शातिर कई तरह के बहाने बनाते हैं और लोग उनके जाल में फंस जाते हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला आया है। जिसमें क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर 4 लाख की ठगी की गई। मामला चंडीगढ़ के सेक्टर-16 का है।
यहां रहने वाले एक बिजनेसमैन से शातिर ठगों ने मोबाइल पर बैंक अधिकारी बन क्रेडिट कार्ड अपग्रेट करने का झांसा देकर चार लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित को जब इसके बारे में पता चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 व 120बी के तहत मामला दर्ज कर लिया। अब साइबर सेल की टीम गहनता से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बिजनेसमैन सुनील रजता ने बताया कि वह सेक्टर-16 निवासी हैं। उनके पास एसबीआई व एचडीएफसी के दो क्रेडिट कार्ड हैं। बीते दिनों उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताया और कहा कि उनके एसबीआई के क्रेडिट कार्ड को अपग्रेड करना है, लेकिन पीड़ित ने खुद को व्यस्त बताया तो कॉल करने वाले ने उन्हें शाम को कॉल करने की बात कही।
शाम करीब 5 बजे फिर एक अज्ञात नंबर से पीड़ित को दोबारा कॉल आई। कॉल करने वाली लड़की ने अपना नाम पूजा बताकर कहा कि वह बैंक से बोल रही है। लड़की ने कहा कि उनका एसबीआई का कार्ड अपग्रेड होना है। एसबीआई कार्ड को एचडीएफसी के क्रेडिट कार्ड से लिंक भी करना है। जानकारी हासिल करने के बाद पीड़ित ने फोन पर आए ओटीपी के बारे में जानकारी दे दी।
इसके बाद कहा गया कि उनका सर्वर डाउन चल रहा है, उन्हें थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। इस तरह शातिरों ने उन्हें अपनी बातों में लगाए रखा और बार-बार उनसे वह ओटीपी लेते रहे और उनके अकाउंट से पैसे निकालते रहे। धीरे-धीरे कर शातिरों ने 4 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी का अहसास होने के बाद उन्होंने बैंक में कॉल कर अपने अकाउंट को बंद करवाया और इसकी सूचना पुलिस को दी।