सस्ती टैक्सी सेवा: चंडीगढ़ में पहली एप आधारित इलेक्ट्रिक कैब सेवा शुरू, सलाहकार धर्मपाल ने दिखाई हरी झंडी
प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने शनिवार को सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में चल रहे नवीनीकरण ऊर्जा एवं इलेक्ट्रिक वाहन एक्सपो (रीव) में चंडीगढ़ की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि इससे सिटी ब्यूटीफुल को प्रदूषण मुक्त करने में मदद मिलेगी।
विस्तार
राइड स्मार्ट के निदेशक विपुल शाह ने कहा कि उनकी कंपनी की लीथियम बैटरी युक्त कैब शहरवसियों को आम टैक्सियों से करीब 15 फीसदी कम दर पर सेवा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राइड स्मार्ट की कैब बुक करवाने वाले ग्राहक को किसी तरह का कैंसिलेशन चार्ज, सर्च चार्ज या वेटिंग चार्ज नहीं देना पड़ेगा। टैक्सी ड्राइवर भी प्रशिक्षित और शिक्षित होंगे। उन्होंने कहा कि यह पहली इलेक्ट्रिक कैब सेवा है जो चंडीगढ़ में लांच की गई है।
यह भी पढ़ें: भारत-कनाडा विवाद: जनवरी में शुरू होने वाले सेशन में दाखिला ले चुके 36 हजार पंजाबी विद्यार्थी, चिंता में परिजन
प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने शनिवार को सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में चल रहे नवीनीकरण ऊर्जा एवं इलेक्ट्रिक वाहन एक्सपो (रीव) में चंडीगढ़ की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि इससे सिटी ब्यूटीफुल को प्रदूषण मुक्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी उपायों को अपनाकर वर्ष 2030 तक शहर को कार्बन न्यूट्रल शहर बनाने के लिए ईमानदारी से काम कर रहा है। चंडीगढ़ को एक स्वच्छ, हरित और स्मार्ट शहर बनाना है। शहर में प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सौर, पवन और भविष्य की हाइड्रोजन ऊर्जा और उत्सर्जन मुक्त गतिशीलता जैसे स्रोतों पर मंथन चल रहा है।
धर्मपाल ने कहा कि 20 सितंबर 2022 को ईवी नीति लागू होने के बाद शहर में 5000 प्लस ईवी गतिशीलता प्राप्त कर प्रशासन ने इस मुहिम को वास्तविकता के करीब लाया है। उपभोक्ताओं को प्रशासनिक सब्सिडी के साथ-साथ ई-साइकिल, ई-2डब्ल्यू, ई-कार, ई-ऑटो, ई-गुड्स कैरियर, ई-4डब्ल्यू (व्यक्तिगत और वाणिज्यिक) आदि वाहनों को अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। धर्मपाल ने बेहतर काम के लिए क्रेस्ट के सीईओ अरुलराजन और उनकी टीम को बधाई दी। सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी टीसी नौटियाल भी प्रदर्शनी में शामिल हुए।
एक्सपो में 33 कंपनियों ने लगाई है प्रदर्शनी
दो दिन से जारी एक्सपो में 2030 तक कार्बन न्यूट्रल सिटी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए चंडीगढ़ में शामिल होने के लिए कई कंपनियों ने अपने उत्पादों और प्रक्रियाओं को प्रदर्शित किया। यहां कुल 60 प्रदर्शनियों के साथ 33 अलग-अलग कंपनियां मौजूद हैं। इनमें ई बस 02, कैरियर 02, 4 डब्ल्यू 11, 3 डब्ल्यू 04, 2 डब्ल्यू 09, ई-साइकिल 02, मोबाइल स्ट्रीट लाइट, बायोगैस, सौर ऊर्जा संयंत्र, ईवी चार्जिंग स्टेशन, ईवी बैटरी के अलावा निजी छत पर सौर ऊर्जा पैनल के लिए फंडिंग एजेंसी (रेस्को) द्वारा अपने उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।