ट्रेन में बम है: जम्मूतवी एक्सप्रेस के यात्रियों में मची भगदड़, कासूबेगू स्टेशन पर साढ़े छह घंटे चली चेकिंग
फिरोजपुर से जम्मू तवी के लिए ट्रेन सुबह साढ़े सात बजे फिरोजपुर स्टेशन से रवाना हुई थी। तभी आरपीएफ के पास किसी का फोन आया कि ट्रेन में बम है। इसके बाद ट्रेन को कासूबेगू स्टेशन पर रोक दिया गया।
विस्तार
फिरोजपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में बम की सूचना मिलते ही ट्रेन को कासूबेगू रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। वहीं ट्रेन सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। ट्रेन से मुसाफिरों को उतार कर सुरक्षा एजेंसियों ने खोजी कुत्तों के जरिए लगभग साढ़े छह घंटे तक चेकिंग की। ट्रेन से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन (ट्रेन संख्या 19226) फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई। उसके थोड़ी देर बाद आरपीएफ को फोन आया कि ट्रेन में बम है। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जैसे ही ट्रेन फिरोजपुर से लगभग दस किलोमीटर दूर स्थित कासूबेगू रेलवे स्टेशन पर पहुंची उसे वहीं पर रोक दिया। यात्रियों को ट्रेन में बम होने की सूचना मिलते ही भगदड़ मच गई। ट्रेन खाली करवा ली गई।
फिरोजपुर और फरीदकोट से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां खोजी कुत्तों को लेकर पहुंची। ट्रेन के प्रत्येक डिब्बों के अलावा हर जगह बारीकी से जांच की गई। साढ़े छह घंटे जांच के बाद आरपीएफ, पंजाब पुलिस व जीआरपी ने बम नहीं होने की क्लीयरेंस दी। कासूबेगू रेलवे स्टेशन पर यात्री गर्मी से तड़पते रहे। अहमदाबाद से चल कर जम्मूतवी को जाने वाली ट्रेन को फरीदकोट रेलवे स्टेशन पर रोक कर रखा गया।
जानकारों का कहना है कि जिस व्यक्ति ने आरपीएफ को फोन कर बम की सूचना दी थी तो उससे नाम और कहां से बोल रहे हैं पूछने पर कहा सूचना देनी थी दे दी, फोन काट दिया। रेल डिविजन फिरोजपुर के डीआरएम संजय साहू ने बताया कि दोपहर करीब 1.55 बजे ट्रेन को कासूबेगू रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना किया।
चार ट्रेनें हुई प्रभावित
जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में बम की अफवाह के चलते चार गाड़ियां प्रभावित हुई है । गांधीनगर से जम्मू (19223) को जाने वाली ट्रेन वाया कोटकपूरा, मुक्तसर फाजिल्का , जलालाबाद होकर फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची है। सिवनी मालवा एक्सप्रेस 14623 वाया कोटकपूरा होकर फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची है। इसके अलावा फिरोजपुर कैंट और बठिंडा के बीच में चलने वाली दो ट्रेनों को गोलेवाला रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया है।
रेलवे ने यात्रियों के खान-पान की व्यवस्था की
मंडल रेल प्रबंधक संजय साहू व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने तुरंत कासूबेगु स्टेशन पहुंचकर गाड़ी संख्या 19226 के रेलयात्रियों के लिए खान-पान की व्यवस्था की। रेल यात्रियों को पहले पानी, चाय, बिस्कुट और बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था की, फिर उनके खाने के लिए लंगर का प्रबंध करवाया गया। सैनी ने गुरुद्वारा जमुनी साहब के प्रबंधक को रेल यात्रियों हेतु खानपान संबंधी व्यवस्था के लिए रेल प्रशासन को सहयोग करने हेतु धन्यवाद किया। इसके साथ ही फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को प्रभावित ट्रेनों की जानकारी के लिए हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की गई है।