{"_id":"65d68cb5964f9c81f30db345","slug":"farmers-of-punjab-at-bathinda-border-force-deployed-on-fatehabad-highway-2024-02-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana : कुरुक्षेत्र के ट्यूकर व डबवाली के बठिंडा बॉर्डर पर डटे पंजाब के किसान, फतेहाबाद हाईवे पर फोर्स तैनात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana : कुरुक्षेत्र के ट्यूकर व डबवाली के बठिंडा बॉर्डर पर डटे पंजाब के किसान, फतेहाबाद हाईवे पर फोर्स तैनात
Thu, 22 Feb 2024 05:22 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा
अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 22 Feb 2024 05:22 AM IST
सार
हरियाणा के पंजाब से लगते अन्य जिलों की सीमाओं पर भी पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिखाई दिया।
विज्ञापन
दाता सिंह वाला बॉर्डर पर जुटे किसान।
- फोटो : संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के बाद एक तरफ जहां अंबाला के शंभू बॉर्डर और जींद के दातासिंह वाला बॉर्डर पर बुधवार को किसानों और सुरक्षा बलों के बीच दिन भर टकराव चलता रहा। वहीं दूसरी तरफ हरियाणा के पंजाब से लगते अन्य जिलों की सीमाओं पर भी पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिखाई दिया।
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र में पंजाब से लगती सीमाओं पर पुलिस व सुरक्षा बलों के जवान मुस्तैद रहे। पिहोवा में ट्यूकर बाॅर्डर व इस्माईलाबाद में कुम्हार माजरा बाॅर्डर पर हालात सामान्य रहे, लेकिन ट्यूकर बाॅर्डर पर पंजाब सीमा में किसानों का प्रदर्शन व मोर्चा जारी रहा। यहां किसान शंभू बाॅर्डर से आने वाली कॉल का इंतजार करते रहे।
विज्ञापन
उधर, शाहाबाद में नेशनल हाईवे पर प्रशासन का मोर्चा जारी रहा। सिरसा के डबवाली में 150 के करीब किसान बठिंडा बॉर्डर पर डटे हुए हैं। बुधवार को किसानों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। वहीं फतेहाबाद में पंजाब बॉर्डर के नाके पर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात कर दी गई है। प्रशासन द्वारा रजवाहे के पास बैरिकेड्स लगाकर कंटीली तार लगवा दी गई है।
विज्ञापन
प्रशासन द्वारा इंदिरा कॉलोनी की तरफ जाने वाले रास्ते को भी बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा नेशनल हाईवे को सिटी मैक्स अस्पताल के पास तीन जगह से तोड़ा गया है, जिसके चलते पंजाब से आने वाली बसें यात्रियों को बॉर्डर पर छोड़कर जा रही हैं। वहीं, रतिया में पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला।
सोनीपत-बहादुरगढ़ : कुंडली-सिंघु व टीकरी बाॅर्डर पर सुरक्षा बलों ने की रिहर्सल, रबड़ बुलेट छोड़ने के लिए बंदूकें व आंसू गैस के गोले मंगाए
सोनीपत में कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने सिंघु क्षेत्र में दो लेयर सुरक्षा और बढ़ाई है। पत्थर के बैरिकेड पर चार अलग- अलग कंटीले तार लगाए गए हैं। बैरिकेड को कंक्रीट की तीन फुट की दीवार बनाकर पक्का कर दिया गया है। पुलिस फोर्स और अर्धसैनिक बलों ने टेंट लगा दिए हैं। बैरिकेडिंग, कंटीले तार, लोहे व पत्थर के बैरिकेड के साथ सीमेंट के बैग भी रखवा दिए हैं।
कंटेनर में मिट्टी भरकर रखी गई है तो क्रेन हर स्थिति से निपटने को तैयार है। फ्लाईओवर के ऊपर व नीचे संपर्क मार्ग पर अर्धसैनिक बल के जवान पूरी तरह से तैयार हैं। अर्धसैनिक बलों को पानी की बौछार करने को वाटर कैनन से लेकर आंसू गैस के गोले छोड़ने की बंदूक, प्लास्टिक की गोली छोड़ने वाली बंदूक समेत अन्य इंतजाम भी किए गए हैं। तेज आवाज निकालने वाले अस्त्र को भी लगाया गया है। बताया जा रहा है कि भारी मात्रा में आंसू गैस के गोले मंगवाए गए हैं। सीसीटीवी लगाकर निगरानी रखी जा रही है।
बहादुरगढ़ में दिल्ली सीमा सील होने का बुधवार को नौंवा दिन रहा। फिलहाल शांति बनी हुई है। अर्धसैनिक बल और पुलिस फोर्स सुरक्षा के लिहाज से मुस्तैद है। बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 मोड़ पर हरियाणा पुलिस ने 5 लेयर की बैरिकेडिंग की है। वहीं दिल्ली पुलिस द्वारा टीकरी बॉर्डर पर 6-7 लेयर की बैरिकेडिंग की हुई है। बहादुरगढ़ में अर्धसैनिक और पुलिस की 10 कंपनियां तैनात हैं। पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला।
पतंगों से पुलिस के ड्रोन गिराने की कोशिश, मास्क और चश्मे बांटे गए
शंभू बॉर्डर पर हरियाणा की तरफ से आंसू गैस के गोलों की बरसात के बीच किसानों के हौसले बुलंद है।
बॉर्डर पर बुधवार को नौजवानों की ओर से एक तरफ पतंगों के जरिये पुलिस के ड्रोन गिराने की कोशिश की गई, वहीं गोलों के धुएं से किसानों को बचाने के लिए मोहाली समेत पंजाब के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नौजवानों की तरफ से चश्मे, मास्क, ग्लव्स आदि बांटे जा रहे हैं। 13 फरवरी से शंभू बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में पहले भी बसंत पंचमी के मौके पर नौजवानों ने पतंग उड़ाकर त्योहार मनाया था। किसानों ने गोलों के धुएं से बचने के लिए बॉर्डर के नजदीक बड़ी गिनती में गीली बोरियां का प्रबंध कर रखा था। साथ ही मिट्टी की बोरियों से भरी प्लास्टिक की थैलियों की भरी ट्रालियां भी खड़ी थीं, ताकि जरूरत पड़ने पर नदी के रास्ते आगे बढ़ा जा सके।
पानीपत: शंभू बाॅर्डर के लिए निकले 30 किसान अंबाला में गिरफ्तार
भाकियू के जिला प्रधान सूरजभान रावल और वरिष्ठ नेता हरेंद्र राणा की अगुवाई में बुधवार को करीब 10 गाड़ियों में किसान शंभू बाॅर्डर की ओर रवाना हुए। पुलिस द्वारा पीछा करने पर किसान गांवों में घुस गए। अंबाला पहुंचने पर 30 किसानों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कैथल: सुरक्षा और कड़ी बढ़ाई जवानों की संख्या
कैथल के चीका में टटियाना बॉर्डर और संगतपुरा गांव में बुधवार को सुरक्षा बढ़ाई गई। यहां सेना की 11 से बढ़ाकर 16 टुकड़ियां तैनात की गईं। करनाल मंडल के पुलिस महानिरीक्षक सतेंद्र गुप्ता ने स्वयं यहां मोर्चा संभाला। दोनों बॉर्डरों पर पंजाब की तरफ से किसानों के आने का कोई कार्यक्रम नहीं था, लेकिन फिर भी पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा को चाक चौबंद किया था।
हिसार: कल खनौरी बॉर्डर जाएंगे किसान
किसान संगठनों ने 23 फरवरी को खनौरी बाॅर्डर की ओर कूच का एलान किया है। खेड़ी चौपटा में पक्का मोर्चा लगाकर धरना दे रहे किसानों ने इसके लिए एक कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी रणनीति बनाएगी।