Air India: एयर इंडिया के यात्री जरूर पढ़ें ये खबर, 30 नवंबर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम, धमकी के बाद नया फरमान
आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नून ने एक वीडियो जारी कर सिखों से 19 नवंबर के बाद एयर इंडिया के विमान में उड़ान नहीं भरने को कहा। उसने यह भी कहा कि इस दिन उनकी जान को खतरा हो सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली और पंजाब के हवाई अड्डों से एयर इंडिया के विमान पर यात्रा करने वाले लोगों को अब अतरिक्त जांच से गुजरना होगा। आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) से मिली धमकी के बाद नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने पंजाब और दिल्ली के हवाई अड्डों पर एयर इंडिया की उड़ानों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा जांच का आदेश दिया है।
टर्मिनल भवन में आगंतुकों का प्रवेश नहीं
सुरक्षा कारणों से दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और पंजाब के हवाई अड्डों पर एयर इंडिया की सभी उड़ानों के लिए 100 प्रतिशत एसएलपीसी (माध्यमिक सीढ़ी बिंदु जांच), अस्थायी हवाईअड्डा प्रवेश पास (टीएईपी), आईजीआई (इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय) के टर्मिनल भवन में आगंतुकों के प्रवेश (दिल्ली में) और आगंतुकों के प्रवेश टिकटों की बिक्री पर रोक लगा दिया गया है। सोमवार को जारी इस आदेश को तुंरत लागू कर दिया गया है। ये सुरक्षा उपाय 30 नवंबर तक लागू रहेंगे।
आदेश में आगे लिखा है कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे भारत में हवाई अड्डों, हवाई पट्टियों, हवाई क्षेत्रों, वायु सेना स्टेशनों, हेलीपैड, फ्लाइंग स्कूलों, विमानन प्रशिक्षण संस्थानों जैसे नागरिक उड्डयन प्रतिष्ठानों के लिए खतरे के संबंध में लगातार साझा किए जा रहे संदेशों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
आतंकी पन्नू ने दी धमकी
आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नून ने एक वीडियो जारी कर सिखों से 19 नवंबर के बाद एयर इंडिया के विमान में उड़ान नहीं भरने को कहा। उसने यह भी कहा कि इस दिन उनकी जान को खतरा हो सकता है।
अधिकारी ने क्या कहा
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के मद्देनजर हवाईअड्डों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए उच्च स्तरीय अलर्ट जारी किया गया है। पन्नू की धमकी के बाद सुरक्षा तैयारी के बारे में पूछे जाने पर एक अधिकारी ने कहा कि कॉल करने वाले की प्रोफाइल चाहे जो भी हो, हम हवाई अड्डे की सुरक्षा से संबंधित सभी धमकी भरे कॉल्स पर मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार प्रतिक्रिया देते हैं। हालांकि ऐसे अधिकांश कॉल फर्जी होते हैं लेकिन हम जवाब देते हैं।
क्या है सेकेंडरी लैडर प्वाइंट चेकिंग
सेकेंडरी लैडर प्वाइंट चेकिंग (एसएलपीसी) नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) द्वारा अनिवार्य एक माध्यमिक स्तर की सुरक्षा प्रक्रिया है। इसके तहत एयरलाइन कर्मचारियों को विमान में चढ़ने से ठीक पहले सीआईएसएफ से सुरक्षा मंजूरी के बाद यात्रियों की तलाशी और उनके हाथ के सामान की जांच की जाती है।