हुक्का पर एक्शन: पंजाब के कई जिलों में चला ऑपरेशन 'नाइट स्वीप', 13 से अधिक टीमों ने पब व रेस्टोरेंट खंगाले
चीमा ने बताया कि आबकारी विभाग के इस ऑपरेशन का उद्देश्य हुक्का पीने के कारण सेहत पर होने वाले बुरे प्रभाव को ध्यान में रखते हुए बार और रेस्टोरेंटों में हुक्का पीने-पिलाने पर रोक लगाना है, क्योंकि इन हुक्कों में निकोटीन (कैंसर पैदा करने वाले) जैसे हानिकारक पदार्थ पाए जाते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आबकारी विभाग द्वारा शनिवार रात पंजाब भर में बार, पब और रेस्टोरेंटों की जांच के लिए ‘नाइट स्वीप’ नाम से व्यापक ऑपरेशन चलाया। इस दौरान विभाग की 13 से अधिक टीमों ने रात को मोहाली, जालंधर और अमृतसर जिलों के बार, पब और रेस्टोरेंटों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन मिलने पर विभिन्न धाराओं के तहत मौके पर ही कार्रवाई की।
यह जानकारी रविवार को पंजाब के वित्त, आबकारी व कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दी। अतिरिक्त कमिश्नर (आबकारी) नरेश दुबे और एआईजी (आबकारी) गुरजोत सिंह कलेर समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आबकारी टीमों का नेतृत्व किया। प्रत्येक टीम में कम से कम एक महिला अधिकारी और एक स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी शामिल था।
उन्होंने बताया कि बार, पब और रेस्टोरेंटों में ‘हुक्का’ पीने और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियां रोकने के लिए यह विशेष ऑपरेशन चलाया गया था। वित्त कमिश्नर (कराधान) विकास प्रताप और आबकारी कमिश्नर वरुण रूजम की निगरानी में बीती रात इस ऑपरेशन के तहत एसएएस नगर (मोहाली) जिले के नयागांव क्षेत्र में ‘आई लव हॉट शॉट’ नामक रेस्टोरेंट द्वारा अपने ग्राहकों को ‘केवल चंडीगढ़ क्षेत्र’ में बेची जाने वाली बीयर के साथ ‘हुक्का’ भी परोसा जा रहा था।
रेस्टोरेंट की तलाशी के दौरान 20 हुक्के, बीयर की 7 बोतलें, तंबाकू के अलग-अलग फ्लेवर और चारकोल जब्त किया गया। चीमा ने बताया कि इस मामले में रेस्टोरेंट के मालिकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत थाना नयागांव (0मोहाली) में एफआईआर दर्ज की गई है। मोहाली जिले में इसके अलावा, बेस्टेक मॉल सेक्टर-66 मोहाली में ‘बुर्ज’ (डब्ल्यू व्हाइट हॉस्पिटैलिटी),‘स्कल’ (फ्रेंड्स हॉस्पिटैलिटी) और ‘मास्क लॉंज एंड बार्स’ नामक तीन बार निर्धारित समय के बाद भी खुले मिले। इनके विरुद्ध पंजाब आबकारी एक्ट 1914 और पंजाब लीकर लाइसेंस रूल्ज 1956 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
चीमा ने बताया कि अमृतसर में ‘पैडलर्स बार’ नामक बार भी निर्धारित समय के बाद खुला पाया गया और 25 साल से कम उम्र के व्यक्तियों को यहां शराब परोसी जा रही थी। बार की तलाशी के दौरान 17 बोतलें बिना ड्यूटी वाली शराब और समय-सीमा पूरी कर चुकी बीयर की 5 बोतलें भी बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसी तरह, जालंधर में ‘पैडलर्स’ नामक बार भी निर्धारित समय-सीमा के बाद खुला था। बार की तलाशी के दौरान समय-सीमा पूरी कर चुकी बीयर की तीन बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इन सभी बार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ऑपरेशन का उद्देश्य ‘हुक्के’ का चलन रोकनाः चीमा
चीमा ने बताया कि आबकारी विभाग के इस ऑपरेशन का उद्देश्य हुक्का पीने के कारण सेहत पर होने वाले बुरे प्रभाव को ध्यान में रखते हुए बार और रेस्टोरेंटों में हुक्का पीने-पिलाने पर रोक लगाना है, क्योंकि इन हुक्कों में निकोटीन (कैंसर पैदा करने वाले) जैसे हानिकारक पदार्थ पाए जाते हैं। इसके साथ ही हुक्कों में तंबाकू जलाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चारकोल से ऐसा धुआं पैदा होता है, जिसमें न केवल कार्बन मोनोऑक्साइड होती है, बल्कि कैंसर पैदा करने वाले रसायन और धातुएं भी शामिल होती हैं। धुएं को फि़ल्टर करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पानी वास्तव में इन खतरनाक रसायनों को रोकने के योग्य नहीं होता।