Punjab News: पूर्व मंत्री आशु व मीनू मल्होत्रा के घर ED का छापा, कई दस्तावेज जब्त, नवांशहर भी पहुंची टीम
भारत भूषण आशु टेंडर ट्रांसपोर्ट घोटाले मामले में जेल जा चुके हैं। उन पर कई तरह की अवैध संपत्ति बनाने का भी आरोप है। इसके अलावा आशु के करीबी मीनू मल्होत्रा का नाम भी टेंडर घोटाले से जुड़ा हुआ है।
विस्तार
ट्रांसपोर्ट टेंडर घोटाले के आरोप में जेल जा चुके पूर्व मंत्री आशु के खिलाफ अब मनी लॉन्ड्रिंग की भी जांच शुरू हो गई है। गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु व एक अन्य कांग्रेस नेता मीनू मल्होत्रा के लुधियाना स्थित आवास व आसपास के 10 ठिकानों पर छापे मारे। इसके अलावा लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष रमन सुब्रह्मण्यम और पूर्व नगर पार्षद सनी भल्ला समेत पूर्व मंत्री के कुछ सहयोगियों के परिसरों पर भी रेड की गई।
ईडी की जांच अनाज खरीद और ट्रासंपोर्ट टेंडर मामले में रिश्वत लेने के आरोपों से जुड़ी है। जांच के दौरान ईडी ने कई दस्तावेज जब्त किए हैं। इस मामले में आशु से पूछताछ भी की गई। इससे पहले सुबह जब ईडी ने जब रेड की तो आशु और उनका परिवार घर पर ही था। ईडी ने किसी को बाहर नहीं जाने दिया। सबके मोबाइल भी ले लिए गए। वहीं, ईडी ने कांग्रेस नेता मीनू मल्होत्रा के घर पर भी जांच की।
भारत भूषण आशु पर ट्रांसपोर्ट टेंडर घोटाले में केस दर्ज है। इस केस में वे काफी समय तक पटियाला जेल में बंद रहे थे। अभी वे जमानत पर हैं। पिछले वर्ष 16 अगस्त को विजिलेंस ने खाद्य आपूर्ति विभाग में ट्रांसपोर्ट टेंडर घोटाला सामने आया था। इसमें आशु के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें: तरनतारन में तीन तस्कर काबू: तीन किलो से अधिक हेरोइन, 30 लाख की ड्रग मनी, ड्रोन व हथियार बरामद
22 अगस्त की शाम को भारत भूषण आशु को एक सैलून से गिरफ्तार कर लिया था। अब पूरे एक साल के बाद फिर से पूर्व मंत्री आशु पर ईडी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह करीब सात बजे ईडी ने आशु और उनके करीबियों के यहां रेड कर दी। आशु की पत्नी ममता आशु सुबह घर से मंदिर गई थीं। घर लौटने पर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। टीम में दिल्ली, जालंधर और अमृतसर के अफसर शामिल थे।
नवांशहर में चार ठेकेदारों के घरों में भी जांच
ईडी की टीम ने सुबह करीब छह बजे नवांशहर जिले से संबंधित चार ठेकेदारों के घरों पर रेड की। पंजाब की ज्यादातर मंडियों में ढुलाई व लेबर के ठेकेदार बलाचौर इलाके से संबंधित हैं। बलाचौर के रहने वाले ठेकेदार तेलू राम के अलावा पूर्व कांग्रेस जिला प्रधान सोनू भाटिया, ठेकेदार जसविंदर जस्सी उधनोवाल को भी ट्रांसपोर्ट टेंडर घोटाले में नामजद किया गया था। सोनू भाटिया व जस्सी गिरफ्तार नहीं हुए थे। टीम ने पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ भी की।