चंडीगढ़ : ड्रंकन ड्राइव के नाके शुरू...एक ही एल्कोमीटर शहर में फैला सकता है कोरोना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना के कारण लगभग आठ महीने से बंद ड्रंकन ड्राइव के नाके लगाने के आदेश फिर से पुलिस को मिल रहे हैं। वहीं विभाग के इस आदेश से लोगों में डर है कि एक ही उपकरण का कई लोगों पर इस्तेमाल करने से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। एक तरफ दिल्ली समेत कई राज्यों में फिर से सख्ती की बात कह जा रही है। वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने कोरोना के दिशानिर्देश को दरकिनार कर ड्रंकन ड्राइव के नाके लगाकर अल्को मीटर से जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
लोगों ने कहा कि अल्को मीटर की पाइप में फूंक मारने से संक्रमित होने का खतरा है, क्योंकि यह नहीं पता कि उसे इस्तेमाल करने वाला कहीं संक्रमित तो नहीं। अगर वह संक्रमित निकलता और वही पाइप फिर अन्य लोग इस्तेमाल करते हैं तो कोरोना के मामले एकाएक बढ़ने की संभावना है।
रात को स्पीड लेजर गन पर नहीं आता वाहन का नंबर, पुलिस तुक्के से काट रही चालान
ट्रैफिक पुलिस वाहनों की तेज रफ्तार को थामने के लिए रात को भी नाके लगा रही है जबकि पुलिस के पास जो स्पीड लेजर गन है, वह रात को वाहनों के नंबर नहीं पढ़ पाती है। उस कैमरे में सिर्फ सामने से आ रही गाड़ियों की गति ही दिखाई देती है। ऐसे में कौन-सी कार की गति ज्यादा है, इस बात को लेकर पुलिस तुक्के से काम कर रही है। ऐसा ही एक मामला शनिवार रात को सामने आया जब ट्रैफिक पुलिस ने कलाग्राम के सामने वाली सड़क पर रात 8 से 10 बजे तक ओवरस्पीड और ड्रंकन ड्राइविंग का नाका लगाया था। इसे लेकर लोगों ने आपत्ति जताई। इस दौरान समाजसेवी रामेश्वर गिरि ने मौके पर पहुंचकर लोगों की बात सुनकर कहा कि जब स्पीड लेजर गन में रात को वाहन का नंबर ही नहीं आता तो तुक्के से चालान करना गलत है।
अभी हमने ट्रायल बेस पर नाके शुरू किए हैं। फिलहाल हमारे पास ऐसे लेजर स्पीड गन नहीं है, जिसमें रात को कार का नंबर भी साथ में आए। हमने इस प्रकार की अत्याधुनिक गन के आर्डर दे दिए हैं। जल्द ही पुलिस विभाग के पास ऐसी गन आ जाएंगी। - केतन बंसल, एसपी ट्रैफिक पुलिस चंडीगढ़।
विभाग की तरफ से हमें नाके लगाने के आदेश हैं। रही बात ड्रंकन ड्राइव के चालान काटने की तो इसके भी आदेश हैं, पर हम कोरोना को देखते हुए अभी लोगों को रोककर चेकिंग ही कर रहे हैं। इस दौरान अगर कोई नशे में मिला तो ही उसकी अल्को मीटर से चेकिंग की जाएगी। फिलहाल अभी तक कोई नशे में नहीं मिला है। - मलकीत सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर।