होली पर अगर की ये हरकत तो खानी पड़ सकती है जेल की हवा, प्रशासन ने किए खास इंतजाम
हरियाणा में होली पर हुड़दंग मचाने वालों को जेल की हवा खानी पड़ सकती है। पुलिस ने शराब पीकर छेड़छाड़ और शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। शराब पीकर वाहन चलाने और मोटरसाइकिल इत्यादि पर घूमकर शोर शराबा करने वालों पर कार्रवाई के लिए ड्रंक एंड ड्राइव नाके लगाने और एल्को सेंसर का प्रयोग करने का निर्णय लिया है।
डीजीपी मनोज यादव ने होली के मद्देनजर प्रदेश के सभी एसपी और पुलिस आयुक्तों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी का कहना है कि होली पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण दुर्घटना के मामले सामने आते हैं, जिससे आनंद और खुशी का यह दिन कई परिवारों के लिए त्रासदी में तब्दील हो जाता है। हरियाणा पुलिस ने होली के उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है।
पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए निर्देश दिए गए हैं। होली समारोह के दौरान हिंसा और बर्बरता की संभावित घटनाओं पर भी पुलिस पैनी नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों को नियमानुसार दंडित करेंगे।
राज्य में ड्रंक एंड ड्राइव की जांच के लिए 24 घंटे विशेष नाके लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, कॉलेज जैसे सार्वजनिक स्थानों पर गश्त के लिए पुलिस कर्मियों को लगाया जाएगा ताकि छेड़छाड़ व अन्य घटनाओं पर अंकुश लगा सकें।
कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखे जनता : डीजीपी
डीजीपी ने लोगों से कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने और होली के पावन त्योहार को धूमधाम से मनाने का आग्रह किया है। रंगों का यह अनूठा भारतीय त्योहार एकता और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। इसे मनाते समय दूसरों की भावनाओं का सम्मान करें और संवेदनशीलता को ठेस न पहुंचाएं। उपद्रव जैसी घटनाओं से दूर रहते हुए कानून को हाथ में लेने से भी बचें।