इस चीज के कारण फैल रहा डेंगू का 'खतरनाक' वायरस, देखिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेंगू के फैलने की वजह मिल गई है। एक चीज के कारण डेंगू का वायरस फैल रहा है। इसी में सबसे ज्यादा डेंगू के लारवा मिले हैं। ये चीज है कसोरे, जिन्हें पक्षियों को पानी पिलाने के लिए रखा जाता है। लोग उनका पानी बदलना भूल जाते हैं, जिसके कारण डेंगू के लारवा पनप रहे हैं।
ये खुलासा चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने किया है। वहीं, सरकारी महकमों, प्राइवेट संस्थानों व मंदिरों, जहां पर प्रॉपर केयर टेकर की व्यवस्था नहीं हैं, वहां पर डेंगू के लारवा पाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि तापमान में गिरावट डेंगू के वायरस के लिए अनुकूल माना जाता है। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों की बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और डेंगू के 20 नए मामले सामने आए हैं। अब यह आंकड़ा 82 तक जा पहुंचा है। वहीं, मलेरिया के 93 केस की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है।
बारिश और बढ़ा सकती हैं मुश्किलें
यदि छह एमएम से ज्यादा बारिश हुई तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चंडीगढ़ की स्थिति फिलहाल ठीक है, क्योंकि डेढ़ महीने पहले नेशनल वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम (एनवीबीडीसीपी) चंडीगढ़ के सर्वे के दौरान रोजाना 100 जगह से लारवा मिल रहे थे। सर्वे के दौरान अनुमान लगा लिया था कि इस बार डेंगू के केस काफी बढ़ सकते हैं, इसलिए विभाग पहले ही तैयार था।
स्वास्थ्य विभाग ने 240 घरों को नोटिस दिया
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार डेंगू के लारवा पाए जाने पर लोगों को नोटिस भी दिया जा रहा है ताकि वे अपने घरों में ज्यादा दिन तक पानी एकत्रित न होने दें। वहीं विभाग ने करीब 240 घरों को लारवा पाए जाने पर नोटिस दिया है।
हाई रिस्क इलाके
इस बार जो हाई रिस्क इलाके थे, उनमें इंडस्ट्रियल एरिया शामिल था, उस जगह से एक भी केस नहीं आया है। सर्वे के दौरान पता चला कि सेक्टरों में स्थित मंदिर, गुरुद्वारा, एनजीओ के भवन और सरकारी बिल्डिंगों के कूलर और छत से काफी लारवा मिल रहे हैं। यहां कूलरों को चेक करने वाले नहीं हैं।
हेल्प लाइन नंबर जारी होंगे
सूत्रों के मुताबिक डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया है। जिसे शुक्रवार तक पब्लिक की नोटिस में लाए जाने की उम्मीद है।
पंजाब में डेंगू से 8 मौतें, हरियाणा में 20 की
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ते ही जा रहा है। पंजाब में वीरवार को डेंगू के 39 और केस सामने आए हैं। वहीं, पटियाला में एक की डेंगू से मौत हो गई। वीरवार को पटियाला में 24 और जालंधर में डेंगू के 15 केस मिले हैं। पंजाब में अब तक डेंगू से 8 लोगों की जानें जा चुकी हैं। हरियाणा में अब तक 251 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं जबकि 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
हरियाणा सरकार ने जारी की एडवाइजरी
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। उन्होंने कहा कि जारी किये गये दिशा-निर्देश का पालन करने से डेंगू तथा मलेरिया जैसी बीमारी को जल्द ही समाप्त किया जा सकता है। हालांकि प्रदेश में डेंगू व मलेरिया की स्थिति पूर्णत: नियंत्रण में है फिर भी जनता के सहयोग से डेंगू व मलेरिया के मच्छरों को भी शीघ्र नियंत्रित किया जा सकेगा।