चंडीगढ़। 4820 डार्क स्पॉट पर नगर निगम इस महीने से लाइटें लगाने का काम शुरू कर देगा। सदन में मुद्दा उठने के बाद निगम के अधिकारियों का प्रयास है कि लाइट लगाने का काम सितंबर तक खत्म कर दिया जाए, ताकि इस बार दीपावली तक शहर जगमगाने लगे। लगभग तीन साल से यह योजना अधर में लटकी है।
एक्सईएन कुलदीप सिंह ने बताया कि वी थ्री, फोर, सिक्स और फाइव रोड पर कुल 4820 डार्क स्पॉट हैं, जहां 2.5 करोड़ रुपये की लागत से लाइटें लगनी हैं। इसके लिए जेम पोर्टल पर निविदा जारी की गई थी। लाइट न लगी होने के कारण लोगों को रात के समय काफी दिक्कत होती है। खासकर सर्दियों में धुंध के कारण यह समस्या और बढ़ जाती है, इसलिए ये लाइटें जल्द लगाना जरूरी था। निगम ने इसके लिए टेंडर आवेदन मांगे थे। पांच कंपनियों ने काम के लिए आवेदन किया था। इसमें एस्कॉर्ट इंडिया, सूर्या रोशनी लिमिटेड, अरुण इलेक्ट्रिकल, एस्को स्विच गियर प्राइवेट लिमिटेड, लीगेरो प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। लीगेरो प्राइवेट लिमिटेड ने 93 लाख रुपये में इस काम को लिया है। ज्ञात हो कि नगर निगम की ओर से शहर की स्ट्रीट लाइट के डार्क स्पॉट का दो साल पहले सर्वे करवाया गया था। इसके बाद ईएसएल कंपनी ने डार्क स्पॉट पर लाइट लगाने के लिए चार बार टेंडर कॉल किया, लेकिन कोई कंपनी नहीं आई। उसके बाद कंपनी ने निगम से ही काम करवाने को कहा था। हालांकि कंपनी ने पोल तो लगवा दिए हैं। इसे लेकर निगम को कई बार लोगों के आक्रोश का शिकार भी होना पड़ा है।