एकतरफा प्यार में घर में घुसकर युवक ने युवती के दोनों हाथ काटे, फिर पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण
एकतरफा प्यार में पागल गांव सरायनागा के एक युवक ने सगाई होने की बात से तैश में आकर घर में अकेली युवती पर तेजधार हथियार से हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए। युवती को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी युवक ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मुक्तसर के गांव सरायनागा की 26 वर्षीय युवती मनप्रीत कौर के पिता मजदूरी करते हैं। उनके गांव का ही जसविंदर सिंह उर्फ जोगिंदर सिंह मनप्रीत के साथ शादी करना चाहता था। युवती और उसके परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद एक माह पहले परिजनों ने मनप्रीत का रिश्ता कर दिया।
जब जोगिंदर सिंह को युवती की सगाई का पता चला तो वह आगबबूला हो उठा। सोमवार दोपहर को मनप्रीत का पिता काम पर और माता गुरुद्वारा साहिब में लगे कैंप में दवाई लेने चली गई। जोगिंदर को मनप्रीत के घर में अकेले होने का पता चला तो वह हाथ में तेजधार हथियार लेकर दीवार फांदकर घर में घुस गया। अंदर घुसते ही उसने मनप्रीत पर हमला बोल दिया।
शोर-शराबा सुनकर मनप्रीत की चाची सुखजीत कौर उनके घर की तरफ भागी आई। इसके बाद जोगिंदर मौके से फरार हो गया। आस पड़ोस के लोगों ने तुरंत घायल को मुक्तसर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। थाना बरीवाला प्रभारी ने बताया कि युवक जोगिंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। युवक ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।