खौफनाक कदम: फिरोजपुर में महिला ने दी जान, रायकोट में युवक ने की आत्महत्या, पठानकोट में युवती ने नहर में लगाई छलांग
पंजाब के फिरोजपुर जिले में पति की मारपीट से परेशान महिला ने फंदा लगा अपनी जान दे दी। पुलिस ने पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, रायकोट में मोगा निवासी एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक पत्नी को लेने अपनी ससुराल आया था। पठानकोट में भी एक युवती ने खौफनाक कदम उठा लिया। युवती ने उफनाती यूबीडीसी नहर में छलांग लगा दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के फिरोजपुर में पिछले छह साल से नशेड़ी पति की मारपीट से तंग आकर 26 वर्षीय युवती ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। उधर, थाना तलवंडी भाई ने बुधवार को मृतका के पिता के बयान पर आरोपी पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मृतका हरजीत कौर (26) के पिता रणजीत सिंह निवासी चुहड़ चक जिला मोगा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि छह साल पूर्व उसकी बेटी की शादी आरोपी गुरप्यार सिंह निवासी गांव लल्ले जिला फिरोजपुर के साथ हुई थी। शादी के बाद पता चला कि गुरप्यार नशे का आदी है। नशे के कारण घर में झगड़ा होता था। गुरप्यार की मां चरणजीत कौर भी अपने बेटे का पक्ष लेती हैं। दोनों ही मिलकर उनकी बेटी से मारपीट करते थे।
रणजीत ने बताया कि 24 अगस्त की सुबह हरजीत कौर का टेलीफोन आया कि रात को पति और सास ने मिलकर उसे पीटा है और तंग कर रहे हैं। परिवार के सदस्य बेटी के ससुराल जाने की तैयारी कर रहे थे कि कुछ देर बार आरोपी गुरप्यार सिंह के भाई अमृत सिंह का टेलीफोन आया कि हरजीत ने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सभी लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो वहां पर हरजीत कौर का शव पड़ा था।
उधर, उक्त मामले की तफ्तीश कर रहे अमरजीत सिंह के मुताबिक रणजीत के बयान पर आरोपी पति गुरप्यार सिंह और सास चरणजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं, पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पत्नी को लेने आए युवक ने की आत्महत्या
एक अन्य मामले में मोगा के गांव तलवंडी मल्लीयां के एक 21 वर्षीय युवक धर्म सिंह ने रायकोट शहर में खुदकुशी कर ली। मंगलवार रात धर्म सिंह स्थानीय अनाज मंडी मे बेहोश पड़ा मिला। बताया जाता है कि उसने कोई जहरीली चीज खाई थी। उसको रायकोट के एक निजी अस्पताल मे भर्ती करवाया गया, जहां बुधवार दोपहर को उसने दम तोड़ दिया।
मृतक धर्म सिंह के पिता परमजीत सिंह के अनुसार धर्म सिंह मंगलवार को अपनी पत्नी कर्मजीत से मिलने रायकोट स्थित अपनी ससुराल आया था। थाना सिटी रायकोट के प्रभारी अजायब सिंह ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिटी पुलिस ने मृतक के पिता परमजीत सिंह के बयान पर धारा 174 मे कार्यवाही कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान मे परमजीत सिंह ने बताया कि धर्म सिंह की तीन साल पहले रायकोट के मोहल्ला गुरुसर की रहने वाली करमजीत कौर से शादी हुई थी। शादी के बाद उनको कोई संतान नहीं हो रही थी। इस बात को लेकर धर्म सिंह परेशान रहता था। उसका पत्नी से भी मनमुटाव होने लगा था।
मंगलवार को धर्म सिंह अपनी पत्नी करमजीत से मिलने आया था। वह उसको वापस अपने साथ लाना चाहता था। थाना प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि धर्म सिंह ने फसलों पर छिड़कने वाली जहरीली दवा पीकर आत्महत्या की है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह ये जहरीली दवा अपने साथ लाया था या इसको उसने रायकोट से खरीदा था।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने नहर में लगाई छलांग
उधर, पठानकोट के गांव कोटली के पास यूबीडीसी नहर किनारे स्कूटी खड़ी कर युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगा दी। युवती को लोगों ने उफनाती नहर में छलांग लगाते देखा तो बचाने का प्रयास किया लेकिन तेज बहाव होने के कारण उसका कुछ पता नहीं चल सका। थाना सदर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लड़की की पहचान गांव छोड़ियां निवासी मुस्कान भंडारी के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक उक्त युवती बुधवार सुबह साढ़े 9 से 10 बजे के बीच वहां पहुंची। उसने अपना मोबाइल और बैग स्कूटी की डिग्गी में रखा और फिर नहर में छलांग लगा दी। वहां खड़े लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया।
बहाव तेज होने के कारण लड़की जल्द ही ओझल हो गई। मामले की सूचना मिलने पर एएसपी आदित्य कुमार, डीएसपी मनिंदरपाल सिंह और थाना प्रभारी मनजीत कौर मौके पर पहुंचे। स्कूटी से मोबाइल, किताब, बैग और एक आरसी बरामद हुई। आरसी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर थी, जिसने उसे आगे किसी को बेच रखा था। दोपहर को लड़की के परिवार को सूचना मिली तो वह थाना सदर पहुंचे। वहीं, एएसपी आदित्य का कहना है कि सूचना के बाद वह खुद मौके पर गए थे। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।