पंजाबः दो तस्कर एक किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार, जेल में बैठे नाइजीरियाई तस्कर से जुड़े तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काउंटर इंटेलीजेंस विंग जालंधर ने कपूरथला के पुलिस थाना सुल्तानपुर लोधी इलाके में से एक किलो हेरोइन सहित दो तस्करों को गिरफ्तार कर हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी गांव नूरपुर हकीमा धर्मकोट मोगा और उसके सहयोगी रणजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर 01 मेहतपुर जालंधर के रूप में हुई है।
एआईजी काउंटर इंटेलीजेंस जालंधर हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि विंग को सूचना मिली थी कि गुरविंदर सिंह दिल्ली निवासी नीग्रो तस्करों के संपर्क में है। सोमवार को वह अपने सहयोगी रणजीत सिंह के साथ एक टाटा सूमो में हेरोइन की एक बड़ी खेप दिल्ली से लेकर शेरपुर दोना से तलवंडी माधो क्षेत्र में अन्य तस्करों को बेचने आ रहा है।
खख ने इसकी जानकारी एसएसपी कपूरथला सतिंदर सिंह को दी। काउंटर इंटेलीजेंस विंग और थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित करके कार्रवाई के आदेश दिए। डीएसपी सरवण सिंह बल और थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ सरबजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया और चेकिंग के दौरान टाटा सूमो कार को रोककर दो तस्करों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस दल ने उनके कब्जे से एक किलो हेरोइन बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर लोधी पुलिस स्टेशन में इन तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एआईजी के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि वह दोनों पिछले कुछ साल से नशीले पदार्थों की तस्करी के अवैध व्यापार में शामिल हैं।
वे पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में गिरफ्तार किए गए हैं। गुरविंदर सिंह इस साल अप्रैल में जेल से बाहर आया था, जबकि उसके सहयोगी रणजीत सिंह को दिसंबर 2018 में जमानत मिली थी। जेलों में वे नाइजीरियाई तस्करों से मिले और जेल से रिहा होने के बाद, उन्होंने नाइजीरियाई विक्टर से संपर्क किया जो इस समय एनडीपीएस अधिनियम में कपूरथला जेल में बंद है और विक्टर के इशारे पर उन्होंने दिल्ली से पंजाब तक हेरोइन की तस्करी करनी शुरू कर दी।
एआईजी खख ने कहा कि नाइजीरियाई विक्टर के बारे में उच्च जेल अधिकारियों के साथ सूचना को साझा किया गया और जेल के भीतर एक विशेष जांच की गई। इसमें विक्टर के पास से दो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किए गए।
इस संबंध में एक अलग मामला उसके खिलाफ जेल अधिनियम, 1894 की धारा के तहत दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तस्करों को मैजिस्ट्रेट के सामने पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। विक्टर को भी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद एनडीपीएस अधिनियम मामले में गिरफ्तार किया जाएगा और पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
सरहद से दो किलो हेरोइन बरामद
बीएसएफ और एंटी नारकोटिक्स सेल ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सरहद पर लगी फेंसिंग पार खेत में सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्लास्टिक की दो बोतलों में भरी हेरोइन बरामद हुई। हेरोइन का वजन दो किलो आंका गया और ये पाक तस्करों ने खेत में छिपाकर रखी थी। मामला बीएसएफ की बीओपी डीटी मल के पास सोमवार की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स सेल रेंज फिरोजपुर को सूचना मिली थी कि बीएसएफ की बीओपी डीटी मल के पास लगी फेंसिंग पार खेतों में पाकिस्तान से हेरोइन आई है, जो खेत में दबा कर रखी गई है, जिसे फेंसिंग के इस पार लाना है। एंटी नारकोटिक्स सेल के अधिकारियों ने फेंसिंग पर खेतों से हेरोइन बरामद करने के लिए बीएसएफ का सहयोग लिया।
दोनों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया और फेंसिंग पार खेत में सर्च अभियान शुरू किया। बार्डर पिल्लर नंबर 193-8 के पास आईबी से चार सौ मीटर दूर, फेंसिंग से लगभग पंद्रह सौ मीटर और बीओपी से तकरीबन 1800 मीटर दूरी पर दो प्लास्टिक की बोतल बरामद हुई जिसमें हेरोइन भरी हुई थी। उक्त हेरोइन पाक तस्करों ने खेत में छिपाकर रखी थी।