{"_id":"5bbcde0d867a5528677b956a","slug":"two-children-including-mother-died-in-fire-crackers-in-firozpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"दर्दनाकः पटाखे से घर में लगी आग, दो मासूमों समेत जिंदा जली मां","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
दर्दनाकः पटाखे से घर में लगी आग, दो मासूमों समेत जिंदा जली मां
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फिरोजपुर (पंजाब)
Updated Tue, 09 Oct 2018 10:28 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
पंजाब के फिरोजपुर में हुए एक दर्दनाक हादसे में दो बच्चे समेत मां की मौत हो गई। घटना फिरोजपुर के ममदोट थाने के गांव हजारा सिंह वाला की है। मंगलवार को बच्चे के पटाखा दागने से घर में आग लग गई। इस हादसे में पांच और सात साल के दो बच्चे और उनकी मां की मौत हो गई। दोपहर तीन बजे के समय मां और बेटी सो रही थी और बेटे ने पटाखा दाग दिया। आग इतनी भड़क गई कि तीनों बुरी तरह झुलस गए। तीनों को ममदोट के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज में रेफर कर दिया। वहां उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
जसविंदर सिंह के मुताबिक उसकी पत्नी गुरमेज कौर अपनी बेटी परमिंदर कौर (पांच) के साथ दोपहर के समय कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उनके बेटे गुरप्रीत सिंह (सात) ने कमरे में ही पटाखा दाग दिया। पटाखा दागने से कमरे में पड़े सोफे को आग लग गई। धीरे-धीरे आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। जब गुरमेज कौर ने देखा कि कमरे में आग लग गई तो किसी तरह उसने अपने दोनों बच्चों को कमरे से बाहर निकाला।
विज्ञापन
इससे गुरमेज कौर समेत दोनों बच्चे बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों ने तीनों को सिविल अस्पताल ममदोट में दाखिल करवाया जहां से डाक्टरों ने तीनों को फरीदकोट के मेडिकल कालेज में रेफर कर दिया। वहां पर उपचार के दौरान मंगलवार देर शाम तीनों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घटना से पहले जसविंदर पशुओं के लिए हरा चारा लेने खेतों में गया हुआ था जबकि बच्चों के चाचा और दादा दोनों गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ में अपनी दुकान पर थे। बच्चों की दादी शाम का भोजन बनाने के लिए बाजार से सब्जी लेने के लिए गई हुई थी। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
विज्ञापन