होशियारपुरः खड़े ट्रक में भिड़ी कार, दर्दनाक हादसे में दो भाइयों की मौत, एक घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होशियारपुर में शनिवार आधी रात के बाद जालंधर रोड पर स्थित मंडियाला कस्बे के पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक कार टकराने से कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। मरने वालों की पहचान हिमाचल के रहने वाले 2 सगे भाइयों 23 वर्षीय संजीव कुमार व 21 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र तरसेम लाल के तौर पर हुई है।
दोनों गांव धर्मशाला महंतां खास, तहसील अंब, जिला ऊना (हिमाचल) के निवासी थे और जालंधर में नौकरी करते थे। उनका तीसरा साथी विकास शर्मा पुत्र अशोक कुमार शर्मा निवासी गांव जायवाल जिला ऊना, जालंधर के अस्पताल में मौत से लड़ रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक तीनों कार में सवार हो दीपावली से पहले माता चिंतपूर्णी माथा टेकने के लिए जालंधर से देर रात 12 बजे निकले थे और होशियारपुर पहुंचने से कुछ किलोमीटर पहले मंडियालां के पास हादसा हो गया।
शनिवार देर रात पौने एक बजे के करीब कार बेकाबू होकर पेट्रोल पंप के बाहर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। कार टकराने की जोरदार आवाज सुनकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी और आसपास के घरों से पहुंचे और घायलों को गाड़ी से निकालने की कोशिश में जुट गए।
इस बीच हादसे का पता चलने पर नसराला चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायल संजीव, रोहित व विकास को रामा मंडी जालंधर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। संजीव व रोहित को वहां से जालंधर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।